
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के भीरा क्षेत्र के सेमरिया गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। खेत में पड़े मृत कुत्तों के शव खाने के बाद 25 गिद्धों की मौत हो गई।
पड़रिया बीट के एक खेत में गिद्धों के बीमार पड़ने और मरने की सूचना मिलने पर प्रभागीय वनाधिकारी कीर्ति चौधरी और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दिनेश कुमार सचान के निर्देशन में डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पांच बीमार गिद्धों का इलाज किया, जिनमें से चार स्वस्थ हो गए।
पोस्टमार्टम और प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृत कुत्तों के शवों में विषाक्त पदार्थ था। गिद्धों ने इन्हीं जहरयुक्त शवों को खा लिया, जिससे कम प्रभावित गिद्ध बच गए, जबकि अधिक प्रभावित गिद्धों की मौत हो गई।
वन विभाग और पशुपालन विभाग ने मामले का संज्ञान लिया है। मंत्री अरुण सक्सेना ने भी इस घटना पर गंभीरता से संज्ञान लिया है। जांच जारी है और जहर के स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।



