दिल्ली में तापमान 42 के पार, गुरुवार साल का सबसे गर्म दिन

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में गुरुवार का दिन इस साल का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। गुरुवार को अधिकतम तापमान मौसम के औसत तापमान से तीन डिग्री अधिक 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में गुरुवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) भी सबसे बेकार 312 दर्ज किया गया। यह गणना शून्य से 500 सूचकांकों के बीच मापी जाती है। इसका स्तर बहुत खराब तथा कुछ स्थानों पर गंभीर स्तर पर पाया गया।

दिल्ली में तापमान

भारतीय मौसम विभाग ने कहा कि गुरुवार को कुछ स्थानों पर पारा 42 डिग्री के आंकड़े को भी पार कर गया। तापमान जहां पालम क्षेत्र में मौसम के सामान्य से चार अंक अधिक 43.9 डिग्री दर्ज किया गया वहीं आयानगर में 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पड़ोसी गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

विभाग के अनुसार गुरुवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली के सबसे गर्म स्थान पालम पर न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन अंक अधिक था।

मौसम विश्लेषकों के अनुसार, वर्तमान में भारत के सबसे गर्म स्थान पूर्वी राजस्थान से गर्म और शुष्क पच्छम हवाएं आ रही हैं। पिछले तीन दिन से असामान्य रूप से गर्मी बढ़ने से यहां अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शुक्रवार और शनिवार को हवाओं की दिशा पच्छम से आद्र्र और शांत पुरवाई में बदलने से कुछ राहत मिलेगी।

मौसम विभाग के निदेशक महेश पलवत ने आईएएनएस को बताया, “शनिवार तक तापमान में मामूली गिरावट देखी जा सकती है, इसके साथ ही गरज के साथ वर्षा तथा बिजली भी कड़क सकती है जिससे मामूली राहत मिलने की संभावना है।”

उन्होंने बताया कि गुरुवार को आद्र्रता 16 से 58 फीसदी के बीच रही। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इस दौरान दिल्ली के वायु गुणवत्ता सूचकांक में पिछले चार दिनों में प्रबल गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को जो स्तर मध्यम था, गुरुवार को बहुत बुरा हो गया।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) वायु गुणवत्ता सूचकांक रोहिणी में गंभीर स्तर पर 400 सूचकांक के पार दर्ज किया गया जबकि पश्चिमोत्तर में वजीरपुर (441), पूर्व में आनंद विहार (407) और जहांगीरपुरी (404) दर्ज किया गया।

इस दौरान दक्षिण में सीरी फोर्ट पर 399 और ओखला पर 396, मध्य में मेजर ध्यान चंद स्टेडियम में 396 और पश्चिमोत्तर दिल्ली में अशोक विहार सहित अन्य स्थानों पर वायु की गुणवत्ता बहुत बेकार स्तर पर दर्ज की गई।

LIVE TV