शशि कपूर को खोने के दुख से सरहद पार भी आंखे हुईं नम, ऐसे दी गई श्रद्धांजली

शशि कपूर को श्रद्धांजलिमुंबई। कला ओर कलाकार को पसंद और प्‍यार करने वालों के लिए धर्म और देश कभी भी मायने नहीं रखता है। हाल ही में ऐसा कुछ सरहद के उस पार पड़ोसी मुल्‍क पाकिस्‍तान में दिखने को मिला। बालीवुड और भारतविसियों के लिए शशि कपूर जैसी हस्‍ती को हमेशा के लिए खो देना बहुत बड़ी हानि है। लेकिन सिर्फ यहीं नहीं शशि के निधन का दुख पाकिस्‍तानियों में भी देखने को मिला।

4 दिसंबर को मुंबई के कोकिलाबेन अस्‍पताल में शाम 5 बजकर 20 मिनट पर शशि कपूर का निधन हो गया था। उनके निधन के अगले दिन जुहू के सांताक्रूज शमशान घाट में शशि का अंतिम संस्कार किया गया था। देश में जिस दिन राजकीय सम्‍मान के साथ शशि कपूर का अंतिम संस्‍कार हुआ उसके अगले दिन ही पाकिस्तान के पेशावर में शशि कपूर को श्रद्धांजलि दी गई।

शशि कपूर को श्रद्धांजलि देने के लिए कैंडिल मार्च आयोजित किया गया था। यह आयोजन पेशावर के पास ऐतिहासिक कैसर खवानी बाजार के करीब स्थित शशि के पैतृक घर के पास हुआ।

यह भी पढ़ें: इंटीमेट सीन और झमाझम गालियों के साथ लॉन्च हुआ ‘कालाकंदी’ का ट्रेलर

ख़ैबर-पख्तुनख्वा प्रांत के अंदरूनी इलाके धोकी नालबंदी में कपूर खानदार की हवेली आज भी मौजूद है। उस हवेली का निर्माण शशि के दादा दीवान बाशेश्वरनाथ सिंह कपूर ने 1918 में किया था। निधन पर सांस्कृतिक विरासत परिषद (सीएचसी) खैबर-पख्तुनख्वा ने शशि को श्रद्धांजलि अर्पित की।

सिर्फ सीएचसी ही नहीं मौके पर कई सिनेमा प्रेमी, अलग अलग जगह से जानी मानी हस्‍तियां श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंची थीं।

बता दें, सांताक्रूज श्मशान घाट पर हुए शशि के अंतिम संस्कार से पहले उनके पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटा गया था। इस दौरान मौके पर उनके करीबियों और चाहने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। बॉलीवुड के हर एक चेहरे की आंखे नम थीं। संजय दत्त, शाहरुख खान, नसीरुद्दीन शाह, अमिताभ बच्च‍न, अनिल कपूर, संजय कपूर के अलावा कई हस्तियां कैमरे में कैद हुई थी।

यह भी पढ़ें: फराह खान का ट्वीट, ‘पितामाह’ भुगत रहे बुरे कर्मों का फल

79 वर्षीय शशि कपूर लंबे समय से बीमार चल रहे थे। साल 2014 में उनकी बायपास सर्जरी भी हो चुकी थी। बीते कुछ समय से वह किडनी से संबंधित समस्‍या से गुजर रहे थे। तीन हफ्तों से वह डायलिसिस करा रहे थे।

बता दें, शशि के बेटे कुणाल पृथ्वी थिएटर संभालते हैं। उनके दूसरे बेटे करण काफी मशहूर फोटोग्राफर हैं। उनकी बेटी संजना थिएटर सिखाती हैं।

LIVE TV