अब ‘हाथ’ में होंगे सीएम साहब, सीधे करें शिकायत, होगा तुरंत निस्तारण

त्रिवेन्द्र सिंह रावतदेहरादून। अब उत्तराखण्ड की जनता मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत से सीधे जुड़ सकती है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने शुक्रवार को इसके लिए एक ऐप लॉन्च किया है।

मुख्यमंत्री सोशल मीडिया और तकनीक के ज़रिये जनसंवाद पर ज़ोर देते रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री ने Trivendra Singh Rawat ऐप लॉन्च किया।

इस मोबाइल ऐप को एण्ड्रायड मोबाइल फोन में Google Play Store  और आई फोन में एप्पल स्टोर में जाकर Trivendra Singh Rawat टाइप करके डाउनलोड कर सकते है। इस ऐप के कंटेंट इंग्लिश और हिन्दी दोनों ही भाषाओं में पढ़े जा सकते हैं।

ऐप जनता से सीधा संवाद स्थापित करने, जन शिकायतों को सुनने और उनके त्वरित निस्तारण में मददगार साबित होगा। ऐप पर आने वाली शिकायतों पर त्वरित निस्तारण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ऐप के माध्यम से देश के किसी भी कोने से सीधे मुख्यमंत्री से जोड़ा जा सकेगा। शिकायतें और सुझाव सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय तक भेजी जा सकेंगी। ऐप के जरिए समाधान पोर्टल पर भी शिकायतें और सुझाव दर्ज किए जा सकते है।

ऐप के ज़रिये उत्तराखण्ड सरकार से संबंधित सभी खबरों को एक क्लिक से पढ़ या वीडियो देख सकते हैं। सरकार की योजनाओं की जानकारी, उनकी प्रगति और नए प्रयासों के बारे में ऐप से जानकारी मिल सकेगी। ऐप पर मुख्यमंत्री द्वारा किए गए ट्वीट देखे जा सकते हैं।

इसमें सभी जिलों के जिलाधिकारियों व एसएसपी के फोन नंबर मौजूद हैं। जरूरत पड़ने पर जनता सीधे संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकती है। युवा वर्ग सीधे तौर पर ऐप के जरिए मुख्यमंत्री से जुड़ सकते है। मुख्यमंत्री के दैनिक भ्रमण और कार्यक्रमों की जानकारी भी ऐप पर उपलब्ध होगी।

ऐप से अपने आसपास और क्षेत्र की किसी भी घटना या कार्यक्रम की सूचना सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजी जा सकती है। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि आशा है कि ऐप सरकार तथा जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में सार्थक सिद्ध होगा।

LIVE TV