Ayesha Jhulka : जब पीक पर था करियर तो कहा था इंडस्ट्री को अलविदा, अब संभाल रही हैं करोड़ों का बिजनेस

आयशा जुल्का 90 के दशक की सुपरहिट फिल्मों की एक्ट्रेस रही हैं। उनका आज जन्मदिन है। आयशा का जन्म 28 जुलाई 1972 को श्रीनगर में हुआ था। आयशा के पिता एयर फोर्स में विंग कमांडर थे। बचपन से ही आयशा की फिल्मों में रूचि थी। जब वह 11 साल की थी तो मम्मी पापा के साथ मुंबई आ गई थीं।

आयशा ने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट 1983 में आई फिल्म कैसे कैसे लोग में एक्टिंग डेब्यू किया था। इसके बाद वह कई छोटी बड़ी फिल्मों में नजर आईं। बाल कलाकार के रूप में शुरुआत करने वाली आयशा एक दिन टॉप हीरोइन बन जाएंगी यह किसी ने भी नहीं सोचा था।

आयशा ने 90 के दशक में खिलाड़ी, जो जीता वही सिकंदर, बलमा, रंग और वक्त हमारा है जैसी कामयाब फिल्में कीं। कई साल पहले बॉलीवुड छोड़कर एक बिजनेस वुमेन बन चुकी आयशा अपने बॉलीवुड करियर के दौरान अक्षय कुमार, नाना पाटेकर और मिथुन चक्रवर्ती के साथ अफेयर को लेकर चर्चाओं में रही थीं। लीडिंग एक्ट्रेस के तौर पर आयशा की पहली फिल्म 1991 में आई कुर्बान थी। इस फिल्म में उनके साथ सलमान खान थे। आयशा जुल्का ने हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगू और कन्नड़ फिल्मों में काम किया।

साल 1992 में फिल्म जो जीता वही सिकंदर में उन्होंने आमिर खान के साथ काम किया। इस फिल्म ने उनके करियर को शिखर तक पहुंचा दिया। इस फिल्म का गाना पहला नशा सुपरहिट हुआ। आयशा को आज भी जो जीता वही सिकंदर फेम या पहला नशा वाली लड़की कहा जाता है।

LIVE TV