तेलंगाना-आंध्र प्रदेश को मिली वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात,पीएम मोदी ने दिखाया हरी झंडी
प्रधानमंत्री मोदी के हाथों देश को आज (15 जनवरी) एक और वंदे भारत ट्रेन मिल गई है, पीएम मोदी ने रविवार यानी 15 जनवरी को मकर संक्रांति के अवसर पर देश को आठवीं वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात दी। दक्षिण भारत में चलने वाली यह दूसरी वंदे भारत ट्रेन होगी. दक्षिण भारत में पहली वंदे भारत ट्रेन चेन्नई से मैसूर के बीच चलती है।

इसके साथ ही देश में वंदे भारत ट्रेन की संख्या 8 हो गई है, इनमें वाराणसी-नई दिल्ली, नई दिल्ली-वैष्णो देवी, मुंबई-गांधीनगर, दिल्ली-अंब अंदौरा, चेन्नई-मैसूर, नागपुर से बिलासपुर, हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी रूट पर वंदे भारत ट्रेनें पहले से चल रही हैं। वहीं, सिकंदराबाद-विशापत्तनम रूट पर यह सेवा 15 जनवरी से शुरू हो रही है।
15 दिनों के अंदर दूसरी ट्रेन
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, यह, 2023 की पहली ट्रेन है। हमारे देश में 15 दिनों भीतर यह दूसरी वंदे भारत ट्रेन दौड़ रही है। यह दिखाता है कि भारत में कितनी तेजी से वंदे भारत अभियान प्रगति कर रहा है। यह देश की ट्रेन है। इसकी रफ्तार के कितने ही वीडियो लोगों के दिलों-दिमाग में छाए हुए हैं।
जहां-जहां गति, वहां प्रगति: मोदी
पीएम ने कहा, जब कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर साथ मिल जाते हैं तो यह सपनों को हकीकत से जोड़ता है। यह मैन्यूफैक्चरिंग को मार्केट से जोड़ता है। टैलेंट को उचित प्लेटफार्म से जोड़ता है। कनेक्टिविटी अपने साथ विकास की संभावनाओं का विकास करता है।