मकर संक्रांति पर प्रयागराज में उमड़ा जनसैलाब, 14.20 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

मकर संक्रांति पर संगम का तट संयम, समर्पण और संस्कार का साक्षी बना। गंगा, यमुना व अदृश्य सरस्वती के मिलन स्थल पावन संगम के जल में डुबकी लगाने को लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। प्रयागराज मेला प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि मकर संक्रांति पर शाम छह बजे तक करीब 14.20 लाख लोगों ने गंगा और संगम में स्नान किया। गंगा और संगम के तट पर बनाए गए सभी 14 घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह चार बजे से ही बनी हुई है।

उन्होंने बताया कि चूंकि मकर संक्रांति 15 जनवरी को भी मानाया जा रहा है, इसलिए कल दोपहर तक लोग गंगा में स्नान करेंगे। इससे पहले प्रथम स्नान पर्व पौष पूर्णिमा पर पांच लाख से अधिक लोगों ने गंगा में स्नान किया था।

माघ मेला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस साल 14 घाट बनाए गए हैं जिनकी कुल लंबाई 6000 फुट से अधिक है। मेला क्षेत्र में सुगम आवागमन के लिए गंगा नदी पर पांच पांटून पुल (पीपे के पुल) बनाए गए हैं।

LIVE TV