एनजीटी की सख्ती के बाद 51 पॉटरी फैक्ट्रियाें पर लगा ताला

खुर्जा। बुलंदशहर के खुर्जा की 51 पॉटरी फैक्ट्रियां बंद कर दी गई हैं। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के आदेश पर एसडीएम और प्रदूषण‍ विभाग ने यह कार्रवाई की। एनजीटी ने प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड की एयर और वॉटर एनओसी न होने पर यह एक्शन लिया है।

51 पॉटरी फैक्ट्रियां बंद

51 पॉटरी फैक्ट्रियां बंद

2015 में जयहिंद एनजीओ ने पॉटरी उद्योग से प्रदूषण फैलाने का आरोप लगाते हुए एनजीटी में याचिका दायर की थी। इस याचिका पर सुनवाई करते हुए एनजीटी ने 7 अप्रैल को खुर्जा पॉटरी उद्योग की 51 पॉटरी फैक्ट्रियां बंद करा दी थीं।

पॉटरी फैक्ट्रियों से निकलने वाले प्रदूषण की जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया गया था। जांच में पाया गया कि नगर की 51 पॉटरी फैक्ट्रियां मानक से ज्यादा प्रदूषण के लिए जिम्मेदार हैं।

इसके बाद एनजीटी ने 51 फैक्ट्री संचालकों को फैक्ट्री बंद करने के निर्देश दिए थे। एनजीटी की ओर से विद्युत निगम को भी बिजली सप्लाई काटने के निर्देश दिए गए थे। परन्तु फैक्ट्री संचालकों ने आदेशों का पालन नहीं किया।

इस बार एनजीटी ने फिर सख्ती की तो शुक्रवार को एसडीएम इंदुप्रकाश सिंह, सीओ आरपी सिंह, कोतवाली प्रभारी और प्रदूषण विभाग के अधिकारियों ने पहुंचकर 51 पॉटरी फैक्ट्रियां बंद करा दीं।

यह देश के ऑरेंज कैटेगरी में आने वाली एक अकेली इंडस्ट्री है। यहां मिट्टी के बर्तनों को भट्टी के बजाय डीजल से चलने वाले बर्नरों में पकाया जाता है।

एनजीटी ने बाकी की, पॉटरियों की मॉनिटरिंग रिपोर्ट प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मांगी है। इन 108 फैक्ट्रियों पर भी जल्द ताला पड़ सकता है।

पॉटरी उद्योग की स्टोरी

विश्वप्रसिद्ध पॉटरी उद्योग का इतिहास चार सौ साल पुराना है। अभिलेखों से पता चलता है कि तैमूर लंग के भारत आगमन के दौरान मिस्र, तुर्की, सीरिया, अफगानिस्तान से कारीगर खुर्जा में आकर बस गए थे।

ये लोग स्थानीय पोखर, तालाबों की लाल मिट्टी के बर्तनों को चाक पर बनाकर पर्सियन-मुगल शैली मे उन्हें ढालते थे। बाद में बारीक कलात्मक नक्काशी और हस्तशिल्प का कार्य कर सजावटी सामान मस्जिद, मंदिर और बड़े-बड़े किलों हवेलियों पर लगने वाली मीनारें बनाकर बेचते थे।

पॉटरी में बनने वाले सजावटी फूलदान और गमले फ्रांस, अमेरिका, इंग्लैंड और कनाडा के राष्ट्रपति भवन की खूबसूरती बढ़ा रहे है। पॉटरी से बने सामान विदेशों में ज्यादा पसंद किये जा रहे है।

LIVE TV