ज़रा सी बहस और पत्नी ने इंजीनियर पति को मारा चाकू, बच्चों के सामने बाप की हत्या

गुरुग्राम के न्यू कॉलोनी थाना क्षेत्र में शनिवार की रात हत्या का एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने इंजीनियर पति की बच्चों के सामने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक पति-पत्नी में लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच विवाद के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

न्यू कॉलोनी थाना क्षेत्र में ज्योतिपार्क इलाके में सचिन (39) उनकी पत्नी गुंजन और अपने दो बच्चों के साथ लंबे समय से रह रहे थे। सचिन पेशे से इंजीनियर थे। पत्नी गुंजन भी किसी कंपनी में कार्यरत है। कल शनिवार की रात सचिन और गुंजन के बीच झगड़ा होने लगा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक विवाद इतना बढ़ा की गुंजन ने सचिन को मारने के लिए चाकू उठा लिया। सचिन ने गुंजन के हाथ से चाकू छीनना चाहा, इसी दौरान चाकू उसके सीने में जा लगा। इसके तुरंत बाद गंभीर अवस्था में सचिन को उसका भाई मेदांता अस्पताल लेकर पहुंचा। ज्यादा खून बह जाने की वजह से सचिन की मौत हो गई। एसीपी क्राइम प्रीतपाल सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक के भाई की शिकायत पर आरोपी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इंजीनियर और उसकी पत्नी के झगड़े के बीच उनके दोनों बच्चे भी वहीं मौजूद थे। मां-बाप के बीच हुए खूनी संघर्ष और पिता की मौत के बाद से दोनों बच्चे सहमे हुए हैं।

LIVE TV