हाईवे पर 4 महिलाओं से सामूहिक दुष्कर्म, विरोध करने पर परिवार के मुखिया को मारी गोली

लखनऊ। बुलंदशहर कांड के बाद पुलिस के दामन पर कभी न मिटने वाला एक और दाग लग गया। हाईवे पर छह दरिंदों ने लाखों की लूट के बाद कार सवार परिवार को बंधक बनाकर चार महिलाओं से दुष्कर्म किया और विरोध करने पर परिवार के मुखिया की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की मां, बहन, भाभी और पत्नी से की गई।

यह जघन्य वारदात जेवर-बुलंदशहर स्टेट हाईवे पर रामनेर गांव के पास बुधवार आधी रात को हुई। यमुना एक्सप्रेसवे से डेढ़ किमी व जेवर कोतवाली से तीन किमी दूर दरिंदे दो घंटे तक का नंगा नाच करते रहे। इस बीच, पुलिस की गाड़ी आती देख भाग गए। इससे पहले बदमाशों ने 40 हजार रुपये व लाखों के गहने लूट लिए थे।

जेवर कस्बा निवासी इस परिवार की गर्भवती महिला बुलंदशहर के अस्पताल में भर्ती थी। बुधवार रात उसकी तबीयत ज्यादा खराब होने की सूचना पर परिजन उसे देखने के लिए रात करीब 12 बजे पड़ोसी की इको कार से बुलंदशहर रवाना हुए। कार में चार पुरुष, चार महिलाएं व पांच वर्ष का बच्चा था। रात 12.15 बजे कार जेवर-बुलंदशहर स्टेट हाईवे स्थित रामनेर गांव के पास पहुंची तो चालक की ओर का अगला व पिछला पहिया पंक्चर हो गया।

चालक मोबाइल से कार मालिक पीड़ितों के रिश्तेदार को इस बारे में बता ही रहा था कि छह बदमाशों ने हमला बोल दिया। फोन न कटने के कारण वाहन मालिक कार सवार लोगों की चीख व बदमाशों द्वारा दी जा रही धमकी को सुन रहा था। उसने पुलिस व पीड़ित परिवार को वारदात की जानकारी दी। तमंचा, चाकू, लोहे की राड व हथौड़े से लैस बदमाश सभी को कार समेत 100 मीटर दूर गन्ने के खेत में ले गए। पहले सभी की पिटाई की और फिर हाथ-पैर बांध दिए। नकदी-जेवर लूटने के बाद महिलाओं से दुष्कर्म करने लगे। परिवार के मुखिया ने दरिंदगी से रोकने की कोशिश की तो गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद दूसरे सदस्य विरोध की हिम्मत नहीं जुटा सके। थोड़ी देर बाद पुलिस के वाहनों की लाइट देख दरिंदे खेतों में गुम हो गए।

LIVE TV