कुत्ते की मौत का बदला… पूरे परिवार को मारी गोली, दो की मौत

सहारनपुर हत्याकांडसहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में हत्या का मामला सामने आया है। घटना में आरोपियों ने एक परिवार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जो भी सामने दिखा उसे भून दिया गया। घटना में दो लोगों की मौत हो गई। कई लोग गंभीर अवस्था में जिन्दगी और मौत से जूझ रहे हैं। ख़बरों को सच माने तो इस सहारनपुर हत्याकांड की वजह एक कुत्ता है, जिसकी मौत करीब छह महीने पहले सड़क हादसे में हुई थी। घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। हमलावर घरों पर ताले डालकर फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

सहारनपुर हत्याकांड

सोमवार की अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे नाजिम और माजिद का परिवार चैन से अपने घर में था। इसी दौरान पड़ोस में ही रहने वाले करीब डेढ़ दर्जन लोगों ने तमंचों और धारदार हथियारों से परिवार पर हमला कर दिया।

गोलियों की आवाज से मची अफरा-तफरी

अचानक गोलियों की आवाज और चीख-पुकार सुनकर गांव में अफरा-तफरी मच गई। हमलावर के सामने जो भी आता गया, उसे गोली मारते रहे।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां से पांच लोगों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में दो को मृत घोषित कर दिया गया।

इलाज के दौरान मौत  

37 वर्षीय राशिद पुत्र अलीशेर और 24 वर्षीय अंजुम पत्नी वैशर को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अंजुम का साढ़े तीन साल की बेटा है, जबकि राशिद के पांच बच्चे हैं।

घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा है और मातम छाया हुआ है। घटना के बाद से हमलावरों के मकानों पर ताले पड़े हैं।

पुरानी रंजिश थी वजह

ग्रामीणों ने बताया कि करीब छह महीने पहले पीड़ित परिवार के वाहन से हमलावर पक्ष का कुत्ता मरने के बाद से दोनों परिवारों में रंजिश चल रही थी।

इसके कुछ ही दिन बाद पीड़ित पक्ष की लड़की पड़ोसी गांव के साथ भाग गई थी। इसमें हमलावर पक्ष के युवक पर लड़की को भगवाने का आरोप लगा था। तब से रंजिश और बढ़ती चली गई, जिसका नतीजा सोमवार घटना के रूप में सामने आया।

छह लोग गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक़ घटना के बाद से हमलावर फरार हैं। घरों पर ताले पड़े हैं। बच्चे और महिलाएं भी इधर-उधर हो गए हैं। हालांकि छह लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

घटना को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी, एसएसपी और एसपी देहात गांव पहुंचे थे। गांव में पुलिस बल तैनात है। साथ ही पुलिस हमलावरों की तलाश में भी जुटी हुई है।

LIVE TV