विराट कोहली के नाम होगी एक और उपलब्धि, मिलेगा खेल रत्न !

विराट कोहलीनई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम में टेस्‍ट क्रिकेट के कप्‍तान विराट कोहली को खेल का सबसे बड़ा सम्‍मान मिलने वाला है। दरअसल विराट कोहली का नाम ‘खेल रत्‍न’ के लिए भेजा गया है। बीसीसीआई ने विराट के नाम की सिफारिश की है। वहीं उनके साथ-साथ टेस्‍ट टीम के उप-कप्‍तान अजिंक्‍या रहाणे का नाम अर्जुन अवॉर्ड के लिए भेजा गया है।

विराट कोहली को मिलेगा खेल रत्‍न!

विराट कोहली इन दिनों बेहद अच्‍छी फॉर्म से गुजर रहे हैं। 2014-15 में ऑस्‍ट्रेलिया दौरे पर महेंद्र सिंह धोनी के टेस्‍ट क्रिकेट से संन्‍यास लेने के बाद विराट को यह जिम्‍मेदारी दी गई। कोहली ने अपनी कप्तानी में श्रीलंका को उसी की धरती पर सीरीज में हराया। इसके अलावा अपने होम ग्राउंड पर दक्षिण अफ्रीका को भी धूल चटाई। टेस्ट में उस समय की नंबर एक टीम दक्षिण अफ्रीका को भारत ने 3-0 से हराया था।

विराट कोहली ने टी 20 वर्ल्डकप में शानदार प्रदर्शन किया। इतना ही नहीं 2014 और 2016 टी-20 वर्ल्ड कप में वो प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुने गए हैं। खेल मंत्रालय के एक अधिकारी के मुताबिक कि हमें बीसीसीआई की तरफ से सिफारिश मिली है। इन नामों को अवॉर्ड सिलेक्शन कमिटी को भेजा जाएगा। अगर कोहली को यह अवॉर्ड मिलता है तो वो सचिन तेंदुलकर (1997-98) और महेंद्र सिंह धोनी (2007-08) के बाद तीसरे ऐसे क्रिकेटर बनेंगे जिसे इस खेल रत्न से नवाजा गया हो।

वहीं अजिंक्‍या रहाणे का नाम अर्जुन अवॉर्ड के लिए भेजा गया है। रहाणे ने 2015 में शानदार प्रदर्शन किया। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दिल्ली टेस्ट में रहाणे ने लगातार दोनों पारियों में सेंचुरी जड़ी थी। खेल रत्न अवॉर्ड में 7.5 लाख रुपये और अर्जुन अवॉर्ड में पांच लाख रुपये की इनामी राशि दी जाती है।

LIVE TV