पूरे देश में सक्रिय हुआ मानसून, चारधाम यात्रा रोकी गयी

बारिशनई दिल्ली। नॉर्थ इंडिया के कई इलाकों में शनिवार को अच्छी बारिश हुई। मध्यप्रदेश, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हिमाचल और उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह से एक्टिव हो गया है। मध्यप्रदेश में बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत हुई। जम्मू और यूपी में भी बिजली गिरने से 6 लोगों के मरने की खबर है। वहीं, उत्तराखंड में बारिश की वजह से मरने वालों का आंकड़ा 35 से ज्यादा हो गया है। वेदर डिपार्टमेंट ने अगले 48 घंटों में राज्य में भारी बारिश का अनुमान लगाया है । भारी बारिश और खराब मौसम की वजह से शनिवार को चार धाम यात्रा पर रोक लगा दी गयी है।

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून पूरे देश में एक्टिव हो गया है। वेस्टर्न यूपी, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, कोंकण और गोवा के कुछ इलाकों में अगले 24 घंटे में बहुत तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा ओडिशा, हरियाणा, चंडीगढ, दिल्ली और पंजाब में भी बहुत तेज का बारिश का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, जम्मू कश्मीर, ईस्ट राजस्थान, मध्य प्रदेश, साउथ गुजरात, सौराष्ट्र, साउथ मध्य महाराष्ट्र, नॉर्थ छत्तीसगढ़ और तटीय कर्नाटक में तेज बारिश हो सकती है। उत्‍तराखंड के  मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मरने वालों की फैमिली को 2-2 लाख रुपए के मुआवजे का एलान किया है।  रावत ने कहा कि- हमने एनडीआरएफ की टीमों को रेस्क्यू के लिए भेजा है।

वहीं मध्यप्रदेश में शनिवार को कई इलाकों में जमकर बारिश हुई।  यहां बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत हुई। जिसमें सतना जिले में 6 लोगों की, जबलपुर जिले में 3 और शहडोल जिले में दो लोगों की मौत हुई।  वेदर डिपार्टमेंट के मुताबिक, शनिवार की सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक जबलपुर में 29.5 मिमी, सिवनी में 37 मिमी, सीधी में 14 मिमी, रीवा में 11 मिमी तथा सागर और दमोह में 7-7 मिमी बारिश हुई। भोपाल में सुबह से बादल छाए हुए थे। यहां दोपहर से शाम तक 2.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

जम्मू के कई इलाकों में पिछले 24 घंटों से बारिश हो रही है।  यहां के रुलर एरिया में अलग-अलग जगहों पर बिजली गिरने से तीन की मौत गई। इसमें एक बच्ची भी शामिल है।

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में रेलवे स्टेशन के निकट बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गयी और एक गंभीर रूप से झुलस गया।  संतकबीरनगर के धनघटा इलाके में शनिवार को बिजली गिरने से पांच लोग गंभीर रुप से झुलस गये।  इलाहाबाद के झूसी इलाके में तेज बारिश से दीवार ढहने से पांच मजदूरों की मलबे में दबकर मौत हो गई।  यूपी के ज्यादातर इलाकों में मानसून सक्रिय हो गया है।

पिछले 24 घंटों में मुंबई में बादल जमकर बरसे है। वेदर डिपार्टमेंट के मुताबिक, अगले 24 घंटे भी वे यूं ही बरसते रहेंगे।  भारी बरसात की वजह से शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। लोकल ट्रेनें भी देरी से चलीं, जिससे लोगों को खासी परेशानी हुई।

बारिश लैंडस्लाइड के चलते ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे ब्लॉक हो गया। शनिवार सुबह 4 बजे तोता घाटी के पहाड़ का मलबा रोड पर गिरा।  मसूरी से थाल जाने वाले रास्ते पर भी सैकड़ों वाहन फंसे हैं।  केदारनाथ और यमुनोत्री हाईवे पर भी हजारों लोग फंसे हैं।  चमोली और पिथौरागढ़ के 50 वर्ग किमी इलाके में 2 घंटे भीतर 10 सेंटीमीटर बारिश हुई।  पुलिस के साथ रेस्क्यू टीमें मलबा हटाने में लगी हुई हैं। कई हाईवे पर लंबा जाम लगा है।  आईटीबीपी ने रेस्क्यू और राहत कामों के लिए 108 जवानों को अलग-अलग इलाकों में भेजा है। वहीं, आईटीबीपी ने 35 मेंबर की एक टीम को पिथौरागढ़ से करीब 35 किमी दूर नोल्डा के इलाकों में रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए भेजा।  लाता इलाके में गंगोत्री हाईवे का 50 मीटर हिस्सा बारिश की वजह से बह गया। बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन इसे फिर से शुरू करने में जुटा है।  हिमाचल में सोलन के पास लैंडस्लाइड की वजह से एक टूरिस्ट कार पर पत्थर गिरने से एक शख्स की मौत हो गई। तीन लोग जख्मी हो गए।  उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में बारिश की वजह से एक डबल स्टोरी बिल्डिंग गिर गई। इस हादसे में सात लोग घायल हो गए। मुंबई में शनिवार को भारी बारिश की वजह से हाई टाइड का अलर्ट जारी किया गया है। अरुणाचल प्रदेश के भालुकपोंग गांव में हुए लैंडस्लाइड में अब तक 10 लोगों की बॉडी को निकाला गया है। वहीं, 4 जवान जख्मी हो गए हैं।

देश की राजधानी दिल्ली और दिल्ली एनसीआर में मानसून का इंतजार शनिवार को खत्म हो गया। तय समय के अनुसार, मानसून एक्सप्रेस दिल्ली एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत के पहाड़ से लेकर मैदानी इलाकों में पहुंच गई है। बीते 24 घंटे में अकेले दिल्ली में 23.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

 

 

LIVE TV