शादी में कार न मिलने से भागे दूल्हे पर 10 लाख का जुर्माना

बारात में हंगामाग्रेटर नोएडा। शुक्रवार की रात दादरी कोतवाली एरिया के दतावली गांव में राजा रामपुर गांव से आई तीन दूल्हों की बारात में हंगामा मच गया। आरोप है कि तीनों दूल्हों को अलग-अलग तीन कार ना मिलने की वजह से गुस्साए एक दुल्हे ने बग्गी पर चढ़ने के दौरान ही कूदकर भाग निकला। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई।

नाराज लड़की पक्ष वालों ने शादी से इंकार कर दिया है। बाद में पंचायत ने लड़के वालों पर जुर्माना लगाते हुए लड़की पक्ष के पास 10 लाख रुपए जमा कराने का फैसला सुनाया। वहीं, झगड़े के पीछे शराब भी वजह बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा से सटे दतावली गांव में 3 सगी बहनों की शुक्रवार शादी थी। इसके लिए एक ही घर से 3 लड़कों की बारात आई थी, इनमें से एक लड़का दहेज में तीन कारों की मांग को लेकर बग्गी से कूद गया और झगड़ा करने लगा। इसके बाद वह मौके से भाग निकला, लेकिन बाद में उसे परिजनों ने पकड़ लिया। जिसके बाद लड़का पक्ष और लड़की पक्ष में विवाद हो गया, इस दौरान मारपीट भी हुई। इस बात से आहत लड़की वालों ने शादी करने से मना कर दिया।

मारपीट की सूचना पाकर दादरी पुलिस मौके पर पहुंच गई और तीनों दूल्हों सहित कुछ बारातियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस के सामने लड़की पक्ष ने शादी में तीन कार मांगे जाने का आरोप लगाया है। बाद में कुछ लोगों ने समझा बुझा कर दोनों इस मामले को रफा-दफा कराया। इस बीच पंचायत में तय किया गया है कि 10 लाख रुपये लड़का पक्ष की ओर से लड़की वालों को दिए जाएंगे।

बताया जा रहा है कि 7 नवंबर को हुई सगाई में समधी को स्विफ्ट कार दी गई थी। दो दूल्हे सगे भाई हैं जबकि तीसरा इन दोनों का दूर के रिश्ते में भाई है। सभी एक ही घर में रहते हैं। वहीं, मामले को शराब से भी जोड़ा जा रहा है। आरोप है कि दूल्हे ने शराब पी रखी थी। बग्गी पर उसके दोस्त शराब पीकर डांस कर रहे थे, इसी दौरान विवाद हो गया। दादरी कोतवाली के एसएचओ जितेंद्र कालरा का कहना है कि झगड़े की सूचना पर पुलिस दतावली गई थी, बाद में उनमें समझौता हो गया।

LIVE TV