प्रियंका गांधी ने यूपी सरकार पर फिर उठाया सवाल, ट्वीट कर पूछे प्रश्न

लखनऊ। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने भाजपा पर सवाल किए हैं। उन्होंने शनिवार को ट्वीट के माध्यम से जानना चाहा कि सरकार प्रदेश में कितनी कोरोना वायरस ग्रसित लोगों की जांच कर रही है इस बारे में बताएं।

प्रियंका गांधी
कोरोना से लड़ाई में पारदर्शिता बड़े काम की चीज है। सर्व समाज और सरकार मिलकर ही इस महामारी को शिकस्त दे सकते हैं। उन्होंने सुझाव देते हुए कहा है कि पूरी दुनिया इस बात को मान चुकी है कि ढंग से और ज्यादा से ज्यादा टेस्टिंग ही कोरोना की रोकथाम की कुंजी है।

प्रदेश सरकार ने दो दिनों से जांचों की संख्या बताना बंद कर दिया है। टेस्टिंग को लेकर पूरी तरह से पारदर्शिता होनी चाहिए। ताकि जनता को जानकारी मिले और इस महामारी के खिलाफ समाज और प्रशासन एकजुट होकर लड़ पाए। आंकड़ों और सच्चाई को छिपाने से समस्या घातक हो जाएगी। यूपी सरकार को यह जल्द से जल्द समझना होगा।

प्रियंका गांधी ने कहा है कि प्रदेश के किस लैब में रोज कितने टेस्ट हो रहे हैं। केजीएमयू समेत प्रदेश के अन्य टेस्टिंग लैब की प्रतिदिन क्षमता क्या है? यह आंकड़ा जनता के समक्ष रखना बहुत ही महत्वपूर्ण है।

प्रियंका ने यह भी कहा है कि उत्तर प्रदेश में पूल टेस्टिंग के नाम से कई दर्जन लोगों के स्वाब इकठ्ठे एक ही किट द्वारा हो रहे हैं। हेल्थ एक्सपर्टस ने इस प्रकिया के लिए सख्त नियम तय किए हैं।

जिनका सही पालन न होने से नुकसान हो सकता है। सरकार को पूल टेस्टिंग के इस्तेमाल में पूरी सावधानी बरतनी चाहिए और इस बारे में जनता को जानकारी देनी चाहिए।

क्वारंटीन केंद्रों में डब्ल्यूएचओ के दिशानिर्देशों का पालन करना बहुत ही महत्वपूर्ण है। क्वारंटीन केंद्रों में भोजन व नाश्ता की उपलब्धि स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा प्रतिदिन जांच और केंद्र की स्वच्छता की रिपोर्ट जारी होनी चाहिए। क्वारंटीन की अवधि पूरी होने पर घर भेजने के बाद व्यक्तियों की दोबारा जांच करने की योजना जनता को स्पष्ट की जाए।

 

LIVE TV