पहले स्वास्थ्य मंत्री को कहे अपशब्द, अब नया बखेड़ा खड़ा कर रहा यह डॉक्टर

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के लिए अपशब्द निकालने वाले डॉक्टर अब अपनी इस नई हरकत के लिए चर्चा का केंद्र बन गए हैं। आदित्यपुर के 111 सेव लाइफ अस्पताल के संचालक डॉक्टर ओपी आनंद ने अपने अस्पताल में मरीजों का इलाज करने से इंकार कर दिया है। और तो और वो मरीज़ जिनका पहले से अस्पताल में उपचार चल रहा है, उन्हें भी कहीं और शिफ्ट किये जाने के लिए प्रशासन से कहा है।

डाॅक्टर ओपी आनंद ने जिले के उपायुक्त को पत्र लिखते हुए आग्रह किया है कि मरीजों को कहीं दूसरी जगह पर शिफ्ट किया जाए। वे फिलहाल भर्ती मरीजों की देखरेख कर रहे हैं, लेकिन नए मरीजों को भर्ती करना बंद कर दिया है। वे अब अस्पताल चलाना नहीं चाहते हैं। डाॅक्टर द्वारा लिखे गए पत्र से ये साफ़ स्पष्ट होता है कि उनके संस्थान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। प्रशासन व जिला स्वास्थ्य विभाग से आग्रह करते हुए डॉक्टर ने आगे कहा है कि, “डायलिसिस कराने वाले मरीज अपनी इच्छा अनुसार दूसरे अस्पतालों से इलाज करा सकते हैं। अत्यधिक इमरजेंसी होने पर ही मरीजों का इलाज किया जाएगा।”

गौरतलब है कि इस मौजूदा समय में इस अस्पताल में आधा दर्जन से ज्यादा कोरोना मरीज़ों का उपचार चल रहा है। अस्पताल की एक महिलाकर्मी के अनुसार जब तक प्रशासन व्यवस्था नहीं करता, तब तक अस्पताल प्रबंधन द्वारा मरीजों की देखभाल की जाएगी। बता दें कि इससे पहले जब 15 मई को सिविल सर्जन की टीम अस्पताल में जांच के लिए पहुंची थी, तब डा. ओपी आनंद ने सिविल सर्जन के अलावा स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता को अपशब्द कहे थे। इसपर करवाई करते हुए पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

LIVE TV