पंचायत की बैठक में महिला को नग्न कर पीटा और पूरे गांव में घुमाया, फिर वीडियो बनाकर कर दिया अपलोड

पश्चिम बंगाल के अलीपुरदुआर में एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां एक महिला का विवाहेतर संबंध था। जिसके बाद नाराज स्थानीय लोगों ने पंचायत की बैठक में महिला को नग्न कर पीटा। इसी के साथ उसे गांवभर में घुमाया गया। क्रूरता की हदें तब पार हो गयी जब इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वायरल वीडियो देखने के बाद पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई की। मामले में अभी तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव की सालिसी सभा यानी की पंचायत की बैठक में विवाहेतर संबंध के आरोप में आदिवासी महिला को निर्वस्त्र कर पीटा गया। इसी के साथ उससे गांव का चक्कर भी लगवाया गया। इस पूरी घटना की फोटो वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी गयी। गुरुवार की इस शर्मनाक घटना का खुलासा रविवार की रात को हुआ।

शर्मनाक घटना अलीपुरदुआर जिले के कुमारग्राम प्रखंड के आदिवासियों के सुदूर गांव की है। पुलिस सूत्र बताते हैं कि पीड़ित महिला का विवाहेतर संबंध था। वह दूसरे पुरुष के साथ 6 माह पहले गांव से चली गयी थी। लेकिन उस पुरुष से संबंध खराब होने के बाद वह पुनः पति के पास वापस लौट आई। इस पर बुजुर्गों ने नाराजगी जताई और गांव के लोगों के कहने पर महिला को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। बुजुर्ग ने आदिवासी दंपत्ति को गुरुवार दोपहर सालिसी सभा में उपस्थित होने का निर्देश दिया। जिसके बाद महिला के पति को समाज से बाहर रहने की हिदायत दी गयी। जबकि महिला को वही पीटा गया।

महिला को पीटने के साथ ही गांव के युवकों ने उसके कपड़े फाड़ दिए। इसके बाद महिला को नग्न अवस्था में गांव में घुमाया गया। इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी अपलोड कर दिया गया।

LIVE TV