ट्यूटर ने किया छात्र से कुकर्म, गिरफ्तार

कुकर्मदेहरादून। नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में एक शिक्षक को छात्र को बंधक बनाकर उसके साथ कुकर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी कोचिंग सेंटर चलाता था, जहां पीड़ित छात्र भी पढ़ने जाता था। आरोपी पर पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पीड़ित छात्र के परिजनों ने नेहरू कॉलोनी पुलिस को बताया कि उनका 10 साल का बेटा दीपनगर में शिक्षक नंद कुमार पुंडीर (48) पुत्र सिस्टा सिंह निवासी ग्राम उमाई थाना ननौता सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के कोचिंग सेंटर में पढ़ने जाता था। पिछले चार-पांच दिन से वह गुमसुम रहने लगा था। जब उसे ट्यूशन जाने के लिए कहा जाता तो वह न-नुकुर करने लगता और बड़ी मुश्किल से तैयार होता।

इसी बीच बच्चे के गाल पर गहरे रंग का निशान देखकर आशंका हुई कि उसे कोई परेशान करता है। काफी पूछने पर बच्चे ने जो बताया, वह सुनकर परिजन दंग रह गए। बच्चे के अनुसार पढ़ाई पूरी होने के बाद शिक्षक उसे रोक लेता है और कमरे में बंद करके गंदी हरकतें करता है। बच्चे ने यह भी बताया कि इसका विरोध करने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देता था।

इस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए तत्काल एक टीम उसके घर रवाना कर दी, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। थानाध्यक्ष राजेश शाह ने बताया कि नंद कुमार अविवाहित है। छात्र का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। साथ ही नंद कुमार से ट्यूशन पढ़ने आने वाले अन्य छात्रों के भी बयान लिए जा रहे हैं। अगर अन्य छात्रों ने भी गलत हरकत करने की शिकायत की तो उस पर और भी मामले दर्ज किए जाएंगे।

LIVE TV