चाकू की नोक पर किया महिला से दुष्कर्म, शिकायत करने पर बच्चों को मारने की दी धमकी

चाकू की नोक
Demo Pic

लखनऊ| कृष्णानगर क्षेत्र में चाकू की नोक पर एक सिक्योरिटी गार्ड ने सहकर्मी के साथ उसके घर में दुष्कर्म किया। महिला के विरोध पर उसके दोनों बच्चों को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा है।

कृष्णानगर क्षेत्र में रहने वाली एक महिला रेस्टोरेंट में नौकरी करती है। महिला के मुताबिक उसके साथ काम करने वाले कैंपवेल रोड निवासी सिक्योरिटी गार्ड राकेश कुमार मौर्या ने उससे दोस्ती गांठ ली और घर आने-जाने लगा। इस दौरान उसने महिला के पति को भी विश्वास में ले लिया।

17 मार्च को पति शहर के बाहर थे। इस बीच राकेश पहुंचा और उसने कहा कि उसका पत्नी से झगड़ा हो गया है। इसके बाद वह रात में घर पर ही रुक गया। देर रात राकेश छेड़छाड़ करने लगा। विरोध पर उसने चाकू की नोक पर दुष्कर्म किया। इसके बाद सुबह चला गया।

राकेश ने किसी से शिकायत करने पर दोनों बच्चों को जान से मारने की धमकी दी थी। दहशत के कारण उसने किसी से शिकायत नहीं की। 25 मार्च को महिला ने पति को फोन कर सारी जानकारी दी। 30 को पति पहुंचे तो वह शिकायत लेकर थाने पहुंचे। थाने से एक दारोगा राकेश के घर पहुंचे तो वह नहीं मिला। इसके बाद दारोगा समझौते का दबाव बनाने लगे।

कई दिन बाद फिर दारोगा आरोपी के घर पहुंचे तो वह अपने किसी रिश्तेदार की अंत्येष्टि में शामिल होने जाने की बात कहकर चला गया। फिर भी जब पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो इंस्पेक्टर से मुलाकात की। इंस्पेक्टर ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया। इंस्पेक्टर सुजीत दुबे ने बताया कि शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

LIVE TV