संभल में खतरनाक सड़क हादसा, एक ही परिवार के 8 लोगों की मौके पर मौत
जिले के बहजोई थाना क्षेत्र स्थित लहरावन के लोग बदायूं जिले से चाचीपुर से लग्न चढ़ाकर अपने गांव वापस लौट रहे थे। सभी लोग आयशर कैंटर पर सवार थे और गांव के करीब पहुंच गए थे अचानक मुरादाबाद-आगरा हाइवे पर महेंद्रा पिकअप से उनकी आयशर कैंटर टकरा गई। आमने सामने की भीषण टक्कर में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। आठवें शेर सिंह की मौत उपचार के दौरान हुई है। दस लोग घायल हुए हैं। बहजोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सीएमएस डॉ. बीएल वेराटिया ने हादसे में मरने वालों की पुष्टि की।
आयशर कैंटर और महेंद्रा पिकअप में भीषण टक्कर से यह हादसा हुआ है। घटना की खबर मिलते ही बहजोई थाना पुलिस पहुंची। घायलों को बहजोई के जिला अस्पताल भेजा गया। इसके बाद सीओ चंदौसी पूनम मिश्रा भी मौके पर पहुंची। आयशर कैंटर पर सवार आठ लोग मौत के शिकार हुए हैं। जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने बुधवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर घटना पर दुख व्यक्त किया है।
हादसे का शिकार दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में लिया है। कई घायलों की हालत गंभीर है। पिकअप के चालक का कोई पता नहीं है। वह मौके से फरार है। लहरावन निवासी रामभरोसे की लड़की ज्योति की शादी 19 जून को है, बारात चाचीपुर गांव से आनी थी। इसीलिए 18 जून को चाचीपुर में लगन च़ढ़ाने के लिए लड़की वाले गए थे।