हिमस्खलन में बचाए गए सेना के पांच जवानों की मौत

हिमस्खलनश्रीनगर| गत सप्ताह जम्मू एवं कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा के निकट हुए एक हिमस्खलन में फंसने के बाद बर्फ से निकाले गए सेना के पांच जवानों की मौत हो गई। यह जानकारी रक्षा अधिकारियों ने सोमवार को दी। गत 28 जनवरी को कुपवाड़ा के माचिल सेक्टर में पैदल मार्ग पर हिमस्खलन के दौरान सेना के पांच जवान बर्फ में दब गए थे।

हिमस्खलन ने मचाई थी तबाही

बाद में दिन भर की मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाल लिया गया था और लगातार खराब मौसम के बावजूद विशेषज्ञ चिकित्सा देखभाल के लिए उन्हें सोमवार को श्रीनगर लाया जा रहा था।

एक बयान में कहा गया है, “दुर्भाग्यवश सभी वीर जवानों की मौत हो गई है।”

कोहरे और लगातार बर्फबारी के कारण माचिल या गुरेज सेक्टर में शनिवार और रविवार को हेलीकॉप्टर कोई उड़ान नहीं भर सका।

गुरेज सेक्टर में हिमस्खलन में मारे गए 14 जवानों के शव भी खराब मौसम के कारण पहले नहीं निकाले जा सके थे। इन जवानों के शव भी सोमवार को वायुसेना के एक हेलीकॉप्टर से श्रीनगर लाए गए।

विगत कुछ दिनों में नियंत्रण रेखा पर दो हिमस्खलनों से सेना की एक चौकी और एक गश्ती दल के प्रभावित होने के बाद ये जवान मारे गए थे।

अन्य हिमस्खलनों में गत बुधवार रात गुरेज सेक्टर में सेना की एक चौकी बर्फ में दफन हो गई थी और एक गश्ती दल भी चपेट में आ गया था। इस घटना में सेना के 21 जवान बर्फ में दब गए, जिनमें सात जवानों को बचा लिया गया था।

इससे पहले गांदरबल जिले में एक हिमस्खलन में सेना का एक मेजर शहीद हो गया था।

कश्मीर में इस सप्ताह भारी बर्फबारी हुई है और अधिकारियों ने हिमस्खलनों के भारी खतरे की चेतावनी दी है।

LIVE TV