आगरा में अंतर्राष्ट्रीय बर्ड फेस्टिवल, 40 सर्वश्रेष्ठ विशेषज्ञों का जमावड़ा, प्रतियोगिताओं से होगा मनोरंजन

बर्ड फेस्टिवलआगरा। पिछले साल की तरह इस बार भी 2 से 4 दिसम्बर तक आगरा के जरारा में बर्ड फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इसका शुभारम्भ करेंगे। पूरे विश्व के 40 सर्वश्रेष्ठ पक्षी विशेषज्ञ इस अन्तर्राष्ट्रीय बर्ड फेस्टिवल में हिस्सा ले रहे हैं।

यह जानकारी बुधवार को प्रमुख सचिव वन एवं वन्य जीव संजीव सरन ने एक प्रेस कांफ्रेन्स में दी। उन्होंने बताया कि देश के 100 से अधिक राष्ट्रीय स्तर के पक्षी विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। अन्तर्राष्ट्रीय और देश के विशेषज्ञों को को प्रदेश के इको पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा। श्री सरन ने बताया कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव प्रदेश के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए काफी काम कर रहे हैं। उन्होंने 207 किलोमीटर का साइकिल हाईवे बनाया। इसी हाईवे पर साइकिल चलाने की एक प्रतियोगिता 27 नवम्बर को आयोजित की जा रही है।

इसमें स्वीडन, अमेरिका, जर्मनी व बांग्लादेश समेत 12 देशों के साइकिल चालक हिस्सा ले रहे हैं। खुद मुख्यमंत्री साइकिल चलाकर इस प्रतियोगिता की समाप्ति में साइकिल चालकों के साथ रहेंगे। स्थानीय स्कूलों के छात्र हर पांच किलोमीटर पर साइकिल चालकों को पानी व अन्य खाद्य सामग्री देकर राहत पहुंचाने का काम करेंगे।

प्रतियोगिता के तहत साइकिल चालक 26 नवम्बर को लायन सफारी से चलेंगे और 27 नवम्बर को आगरा पहुंचेंगे। इस प्रतियोगिता के साथ ही मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आगरा इनर रोड, ताजगंज सौन्दर्यीकरण और फतेहाबाद पॉवर सब स्टेशन के काम का भी शुभारम्भ करेंगे। साइकिल हाईवे के किनारे करीब साढ़े 13 करोड़ रुपए की लागत से गेस्ट हाउस भी बनेंगे। कैबिनेट से गेस्ट हाउस बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

LIVE TV