पूर्व मुख्यमंत्री रामनेरश यादव का निधन, मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने जताया दुख

पूर्व मुख्यमंत्री रामनरेश यादवलखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रामनरेश यादव का मंगलवार को लंबी बीमारी के बाद लखनऊ के संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे। रामनरेश यादव मध्य प्रदेश के राज्यपाल भी रहे थे। उन्हें 18 नवंबर को एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया था।

राज्य के राज्यपाल राम नाईक व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

चिकित्सकों के मुताबिक, उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार बुधवार को उनके गृह जिले आजमगढ़ में किया जाएगा।

गौरतलब है कि सितंबर में रामनरेश यादव का मध्य प्रदेश के राज्यपाल पद का कार्यकाल समाप्त हुआ था। वह मध्य प्रदेश के व्यापमं घोटाले में नाम आने के बाद से विवादों में थे।

पिछले काफी लंबे समय से बीमार चल रहे पूर्व मुख्यमंत्री रामनरेश यादव को सांस लेने में दिक्कत के बाद पीजीआई में भर्ती करवाया गया था।

रामनरेश यादव आजमगढ़ जिले के फूलपुर तहसील के आंधीपुर गांव के निवासी थे। वह 1977 में जनता दल की सरकार में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद आठ सितंबर, 2011 को वह मध्य प्रदेश के राज्यपाल बने और आठ सितंबर, 2016 को उनका कार्यकाल समाप्त हुआ था।

LIVE TV