हाथरस कांड: मामले को लेकर CM योगी आदित्यनाथ सख्त, अभियुक्तों के खिलाफ रासुका लगाने के निर्देश

हाथरस में एक पिता के अपनी बेटी के साथ हुई छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज करवाने पर उसकी हत्या को अंजाम दिया गया। जिसके बाद मामले ने पूरे राज्य में सनसनी मचा दी है। वहीं आग पकड़ रहे मामले को देखते हुए उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कड़ी जांच के निर्देश जारी किए हैं। यूपी पुलिस को सीएम की ओर से आरोपियों के खिलाफ रासुका के अंतर्गत कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।

गौरतलब है कि हाथरस के सासनी क्षेत्र में एक बेटी के साथ कुछ मनचलों ने छेड़-छाड़ की थी। जिसके बाद स्थानीय थाने में बेटी के पिता ने आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस को शिकायत मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था लेकिन एक महीने के बाद उसे जमानत दे दी गई थी। वहीं पिता के इस कदम से आरोपी पक्ष की ओर से लगातार जान से मार देने की धमकियां मिल रही थीं। इसी कड़ी में बीते दिन यानी सोमवार को बदमाशों ने बेटी के पिता पर गोलियों से हमला बोल दिया और उनकी मौत हो गई।

क्या है पूरा मामला:

प्राप्त जानकारी के अनुसार नौजरपुर निवासी अमरीष शर्मा अपने खेतों पर मजदूरों से आलू की खुदाई का काम कर रहे थे। दोपहर में उनकी पत्नी अपनी बेटी के साथ उनको खाना देने के लिए गयी हुई थी। इसी दौरान आरोपी गौरव अपने साथियों के साथ सफेद रंग की गाड़ी में आया और उसने फायरिंग शुरु कर दी। गोलियों से घायल होकर अमरीष वहीं गिर गया। जिसके बाद अफरातफरी का माहौल देखा गया।

खेत में काम कर रहे मजदूर भी इस दौरान जान बचाने के लिए इधर उधर छिप गये। वहीं सूचना मिलने पर गांव के लोग वहां इकट्ठा हो गये। आनन फानन में परिजन अमरीष को इलाज के लिए अस्पताल ले गयें। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

LIVE TV