सोने-चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी, जानिए आज कितनी है कीमत

लखनऊ। कोरोना काल में सोना (Gold) काफी ‘सोणा’ हो गया है और चांदी की तो चांदी हो गयी है। वर्ष 2020 की शुरूआत से ही लगातार कीमतों के नए आसमान छू रहीं यह दोनों धातुएं अब आम आदमी की पहुंच से दूर हो चलीं हैं। शुक्रवार को देश में सोने की कीमत 58,000 प्रति 10 ग्राम और चांदी 77,000 रुपए प्रति किलो के भाव पर पहुंच गयी। इस सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन में भी सोने और चांदी में तेजी गयी। शुक्रवार को दिल्ली में सोने का हाजिर भाव 57,970 रुपए और लखनऊ में 57,965 रुपए प्रति 10 ग्राम रहा।

सोने के वायदा भाव में आज सुबह करीब 11 बजे मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर 75 रुपए तेजी गयी। अक्टूबर में डिलिवरी होने वाले सोने का भाव 55,920 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर चल रहा था। इसी तरह चांदी के वायदा भाव में भी आज काफी उछाल देखी गयी। सितंबर में डिलिवरी होने वाली चांदी 1269 रुपए की तेजी के साथ 77,321 रुपए पर कारोबार कर रही थी।

चांदी ने आज अपना 19 साल पुराना रिकार्ड भी तोड़ दिया। इससे पहले 2011 में चांदी का भाव 77000 रुपए प्रति किलो पहुंचा था। 25 अप्रैल 2011 को MCX पर चांदी का भाव 73,600 रुपये प्रति किलो तक उछला था। जबकि हाजिर भाव 77,000 रुपये प्रति किलो तक उछला था। बाजार के जानकारों का कहना है कि चांदी की कीमतों में अभी और उछाल आना बाकी है।

LIVE TV