सेना के जवानों को सलाम, बर्फीले रास्ते से कंधे पर उठाकर गर्भवती महिला को पहुंचाया अस्पताल

जम्मू-कश्मीर में पिछले कई दिनों भारी बर्फबारी हो रही है। ऐसे में जनजीवन अस्त व्यस्त है। भारी बर्फबारी के कारण कई रास्ते भी बंद कर दिए गए हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में भारतीय सेना के जवान बर्फीले रास्तों से एक गर्भवती महिला को स्ट्रेचर पर लेकर चलते हुए दिख रहे हैं।

मामला शोपिया के रामनगरी का बताया जा रहा है। जहां एक गर्भवती महिला को तकलीफ होने पर सेना के कुछ जवान स्ट्रेचर के जरिए कंधे पर उठाकर अस्पताल ले गए। वहीं, सेना के जवानों के इस जज्बे को हर कोई सलाम कर रहा है। बता दें कि जवानों ने महिला को अपने कंधों पर 6.5 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसने एक बच्चे को जन्म दिया।

इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल किया जा रहा है। भारतीय सेना के चिनार कोर के जवानों के इस काम पर देश के लोग गर्व कर रहे हैं। इससे पहले भी सेना को एलओसी बोनियार के घघर हिल गांव से एक गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाने के लिए एक फोन आया था। गर्भवती महिला बर्फबारी में फंस गई थी और उसे अस्पताल पहुंचाना जरूरी था। इसके बाद भारतीय सेना की मेडिकल टीम के कुछ जवान वहां पहुंचे और महिला को वहां से निकालकर बारामूला के सालासन में एक एम्बुलेंस में पहुंचाया था।

LIVE TV