सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में शक के घेरे में आई रिया चक्रवर्ती से CBI ने सात घंटे तक की कड़ी पूछताछ

 सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में शक के घेरे में आई रिया चक्रवर्ती से सीबीआइ ने शनिवार को करीब सात घंटे तक कड़ी पूछताछ की। इस दौरान उससे सुशांत के क्रेडिट कार्ड से अंधाधुंध शॉपिंग करने पर भी सवाल किए गए। सीबीआइ ने उसके भाई शौविक से भी सवाल जवाब किए।

रिया मुंबई के घेरे में दिन में करीब डेढ़ बजे डीआरडीओ के गेस्ट हाउस पहुंची। वहां से उसे रात 8.20 पर निकलते देखा गया। रिया एवं उसके भाई शौविक से पूछताछ के समय सुशांत के घर पर साथ रहनेवाले सिद्धार्थ पिठानी, नीरज सिंह, रजत मेवाती और हाउस मैनेजर सैम्युअल मिरांडा भी मौजूद रहे।

सीबीआइ सूत्रों के अनुसार पूछताछ में पिठानी द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर रिया से सुशांत के क्रेडिट पर निजी खरीदारी करने का सवाल किया गया। हालांकि उसने इन सभी आरोपों को नकार दिया। उससे सुशांत के चल रहे इलाज के बारे में सवाल किए गए। सीबीआइ की एसपी नूपुर प्रसाद ने वाटर स्टोन रिजार्ट में सुशांत के साथ बिताए गए समय और साथ में शुरू किए गए प्रोजेक्ट के बारे में भी सवाल किया। इस दौरान रिया ने रक्षात्मक रुख अपनाया। बहुत से सवालों का संतोषजनक जवाब न मिलने पर सीबीआइ उसे पूछताछ के लिए फिर बुला सकती है। मुंबई में सीबीआई की जांच का शनिवार को नौवां दिन था।

पूछताछ के लिए आने-जाने के दौरान मुंबई पुलिस रहेगी साथ

सीबीआइ ने मुंबई पुलिस को रिया के पूछताछ के लिए आने-जाने के दौरान सुरक्षा देने का निर्देश दिया है। दरअसल सोसाइटी के बाहर मीडिया के लोगों का मजमा लगने से परेशान रिया ने सीबीआइ से अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी। इसी आधार पर सुरक्षा देने की व्यवस्था की गई है। अब घर से लेकर डीआरडीओ गेस्टहाउस और वहां से घर तक मुंबई पुलिस रिया के साथ रहेगी।

बड़े फिल्मी सितारे ने सुशांत को दी थी बर्बाद करने की धमकी : विवेक

चर्चित फिल्म निर्माता विवेक अग्निहोत्री का कहना है कि सुशांत मामले में रिया चक्रवर्ती तो एक मुखौटा भर है। उसकी मौत के लिए बहुत ताकतवर लोग जिम्मेदार हैं जिन्हें बचाने में मुंबई पुलिस और वहां के नेता जीजान से लगे हुए हैं। विवेक ने एक ट्वीट के जरिए बताया कि एक बार एक फार्म हाउस में एक बड़े फिल्मी सितारे के प्रिय कलाकार से सुशांत का झगड़ा हुआ था। यह बात उस बड़े सितारे को बहुत नागवार लगी। उस सितारे ने सुशांत को धमकी दी थी कि वह उसका कैरियर वैसे ही तबाह कर देगा जिस तरह और अदाकारों का किया है।

सुशांत के अपनी बहन से थे मधुर संबंध : अनूप जलोटा

गायक अनूप जलोटा का कहना है कि सुशांत सिंह के अपनी बहन प्रियंका से बहुत मधुर संबंध थे। उन्होंने बताया कि एक प्राइवेट पार्टी में उनकी मुलाकात सुशांत, उनकी बहन प्रियंका और जीजा सिद्धार्थ से मुलाकात हुई थी। पार्टी में 25 से 28 लोग ही थे। इस पार्टी में सुशांत की फरमाइश पर उन्होंने चांद अंगड़ाइयां ले रहा है.. गजल भी सुनाई थी। तब सुशांत ने उनसे पार्टी में अपना गिटार न लाने पर अफसोस भी जताया था। जलोटा ने कहा कि सुशांत और उसकी बहन में सौहार्दपूर्ण बातचीत हो रही थी। उल्लेखनीय है रिया ने दावा किया है कि सुशांत के अपनी बहन से अच्छे संबंध नहीं थे।

LIVE TV