शालिनी यादव बन गई फिजा फातिमा, बहन की वापसी के लिए मिन्नते मांग रहा भाई

कानपुर। यूपी के कानपुर में शालिनी यादव अपहरण कांड का राज खुल चुका है। शालिनी यादव का परिवार लगभग 2 महीने से अपनी बेटी को ढूंढ रहा था। अब उनकी बेटी का पता तो चला है, लेकिन नाम, धर्म और मैरिटल स्टेटस बदल चुका है। शालिनी यादव ने खुद फेसबुक पर एक वीडियो अपलोड करके अपने घरवालों को अपनी शादी की कहानी सुनाई है। शालिनी यादव इस वीडियो में अपने परिवारवालों को चकमा देकर भागने और फिर धर्म बदलकर शादी करने की बात कहती हुई दिखाई दे रही है।

कानपुर के बर्रा 6 की रहने वाली युवती शालिनी यादव 29 जून से ही लापता थी। उसने अपने घरवालों से परीक्षा देने का बहाना बनाया और कहा कि वो लखनऊ जा रही है। जब शालिनी घर नहीं लौटी तो परिवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।

फेसबुक पर वायरल हुए शालिनी यादव के वीडियो में वो अपने मुंह से ये बताती हुई दिख रही है कि वो घरवालों से परीक्षा का बहाना बनाकर निकली और जूही लाल कालोनी के रहने वाले फैसल के साथ धर्म परिवर्तन कर पहले कोर्ट मैरिज की और फिर दोनों ने बाद में निकाह भी किया। शालिनी बता रही है कि वो फैसल को 6 साल से जानती है।

शालिनी यादव वीडियो में बता रही है कि उसने ये शादी अपनी मर्जी की है और उसका नाम अब फिजा फातिमा हो चुका है। वीडियो में उसके साथ प्रेमी फैसल भी दिख रहा है, जो कागजात दिखाने में उसकी मदद कर रहा है। शालिनी वीडियो में ये कहती हुई भी दिखाई दे रही है उसका परिवार लगातार उस पर वापस आने का दबाव डाल रहा है।

इस पूरे मामले में लड़की के परिजन कुछ भी बोलने से इनकार कर रहे हैं. हालांकि सीओ किदवई नगर आलोक सिंह का कहना है कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस वायरल हो रहे वीडियो की भी जांच कर रही है।

LIVE TV