वैलेंटाइन डे पर प्रियंका करेंगी यूपी की जनता को प्रपोज, शुरू की जोरदार तैयारी

वैलेंटाइन डेलखनऊ। समाजवादी पार्टी तथा कांग्रेस गठबंधन की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी ‘वैलेंटाइन डे’ यानी 14 फरवरी से प्रदेश में चुनाव प्रचार की शुरूआत करेंगी। इस प्रचार अभियान की शुरुआत प्रियंका गांधी कांग्रेस के गढ़ माने जा रहे अमेठी तथा रायबरेली से करेंगी। जहां पर वह कांग्रेस के साथ ही सत्तारूढ़  समाजवादी पार्टी के कुछ प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभा करेंगी।

अमेठी तथा रायबरेली तक ही सक्रिय रहने वाली प्रियंका गांधी वाड्रा को भले ही कांग्रेस ने इस बार स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया है, लेकिन वह पहले और दूसरे चरण के मतदान वाले जिलों में पार्टी तथा उसके गठबंधन के प्रत्याशियों के लिए प्रचार नहीं करेंगी। प्रियंका गांधी कांग्रेस के गढ़ और सटे पूर्वांचल के जिलों में ही कांग्रेस और सपा प्रत्‍याशियों के लिए वोट मांगेंगी। हालांकि समाजवादी पार्टी ने उम्‍मीद जताई थी कि प्रियंका पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी प्रचार करें।

मालूम हो कि पिछले दो दशक से प्रियंका गांधी मां सोनिया गांधी और भाई राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली और अमेठी में ही चुनाव प्रचार करती रही हैं। अब प्रियंका तीसरे चरण के मतदान वाले क्षेत्रों से चुनावी प्रचार का आगाज करेंगी। हालांकि उनका पूरा ध्यान अमेठी और रायबरेली में ही होगा, लेकिन वे पूर्वांचल की कुछ अहम सीटों और सपा के गढ़ में भी प्रचार करती नजर आएंगी।

LIVE TV