विधानसभा चुनाव: ‘दीदी’ और ‘अम्मा’ का जलवा, ‘कमल’ खिलने को तैयार

विधानसभा चुनावनयी दिल्ली: पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे बस सामने आने ही वाले हैं। बंगाल  में सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने बढ़त बना ली है। असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सात सीटों पर आगे दिख रही है। तमिलनाडु  में सत्तारूढ़ ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) पार्टी ने बढ़त बना ली है। केरल में कांग्रेस-नीत यूडीएफ और पुडुचेरी में द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (डीएमके)-कांग्रेस गठबंधन आगे है।

विधानसभा चुनाव के नतीजे

बंगाल में तृणमूल ने बनाई बढ़त

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की गुरुवार सुबह हो रही मतगणना में सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने बढ़त बना ली है। राज्य के 294 निर्वाचन क्षेत्रों में से 44 के शुरुआती रुझानों में तृणमूल 25 सीटों पर आगे दिख रही है जबकि वाम मोर्चा-कांग्रेस गठबंधन 17 सीटों पर आगे है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक सीट पर आगे है।

असम में भाजपा आगे

असम विधानसभा मतगणना के शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सात सीटों पर आगे दिख रही है।

अधिकारियों का कहना है कि राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस तीन सीटों पर जबकि ऑल इंडिया युनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) दो सीटों पर आगे है।

प्रशासन ने राज्य के 51 मतगणना केंद्रों पर सुबह आठ बजे मतगणना शुरू कर दी है। इस दौरान 1,064 उम्मीदवारों के भविष्य का फैसला होना है।

असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने विधानसभा चुनाव की मतगणना में कांग्रेस पार्टी के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से पिछड़ने के रुझानों के बीच गुरुवार को देवी कामाख्या के दर्शन किए।

तमिलनाडु में एआईएडीएमके

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की मतगणना के शुरुआती रुझानों में सत्तारूढ़ ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) पार्टी ने बढ़त बना ली है।

अधिकारियों का कहना है कि अभी तक 137 निर्वाचन क्षेत्रों के शुरुआती रुझानों में एआईएडीएमके ने 73 सीटों जबकि कांग्रेस-द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (डीएमके)गठबंधन ने 64 सीटों पर बढ़त बना ली है।

राज्य में 16 मई को 232 विधानसभा सीटों पर चुनाव हुए थे। निर्वाचन आयोग ने राज्य की दो सीटों तंजावुर और अरावाकुरीची पर मतदान स्थगित कर दिए थे।

केरल में यूडीएफ को बढ़त

केरल से मिले सभी 140 रुझानों में से वामदलों का गठबंधन 89 सीटों पर और कांग्रेस-नीत यूडीएफ 49 सीटों पर आगे है… बीजेपी को केरल में भी 1 सीट पर बढ़त मिल रही है, जबकि 1 सीट पर अन्य प्रत्याशी आगे चल रहे हैं…

पुडुचेरी में डीएमके-कांग्रेस आगे

केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की गुरुवार को जारी मतगणना के शुरुआती रूझानों में द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (डीएमके)-कांग्रेस गठबंधन 13 सीटों पर आगे है। फिलहाल यहां 20 विधानसभा क्षेत्रों के रूझान स्पष्ट हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पुदुच्चेरी की 30 सदस्यीय विधानसभा में सत्तारूढ़ ऑल इंडिया एन.आर.कांग्रेस (एआईएनआरसी) सात सीटों पर आगे है। पुडुचेरी में 16 मई को मतदान हुए थे।

LIVE TV