फिरोजाबाद में फिर बढ़े डेंगू के मरीज, नहीं सुधर रहे हालात,11 मरीजों की मौत

यूपी में कोरोना की दूसरी लहर से लोग उभरे ही थे कि डेंगू ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में लगातार डेंगू से लोगों की जान जा रही है। सोमवार को 11 मरीजों की मौत हो गई। इन 11 मरीजों में 9 बच्चे थे। इससे पहले रविवार को 5 बच्चों की मौत हो गई थी।

फिरोजाबाद में डेंगू से मरने वालों की संख्या 151 के पार पहुंच गई है। 24 घंटे में लगभग 167 बच्चों में डेंगू के लक्षण पाए गए हैं। वहीं मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। सौ शैय्या अस्पताल में कुल मरीजों की संख्या 450 के पार पहुंच गई है। सोमवार को अस्पताल के बाहर भारी भीड़ नजर आई। वहीं अस्पताल में मरीजों को इलाज कराने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण एक ही पलंग पर 2 मरीजों का इलाज चल रहा है।

फिरोजाबाद में लगातार डेंगू से लोगों की मौत हो रही है। जिनमें बच्चों की संख्या ज्यादा है। फिरोजाबाद के आजाद नगर के निवासी रामबिहारी अपनी 2 माह की पुत्री सुकन्या को सौ शैय्या अस्पताल लाए थे जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं मालवीय नगर के निवासी अपने पुत्र आकाश 11 वर्ष और भीमनगर निवासी विकास अपने 7 माह के बेटे निखिल को बुखार आने पर सौ शैय्या अस्पताल पर लेकर आए जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

सरस्वती नगर निवासी नेत्रपाल ने सोमवार को अपनी पुत्री वैष्णवी 11 वर्ष को अस्पताल लाए थे जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। वैष्णवी की मौत के बाद परिजन का रो रो कर बुरा हाल था वही उसकी बहन निकिता निरीक्षण के लिए पहुंचे मंडलायुक्त अमित गुप्ता की गाड़ी के सामने लेट गई। इस दौरान काफी देर तक हंगामा हुआ।

सौ शैय्या अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। जिसके कारण चिकित्सक मरीजों को सही समय पर नहीं देख पा रहे हैं। मरीजों की ज्यादा संख्या होने के कारण एक ही पलंग पर दो मरीजों का इलाज किया जा रहा है। अभी तक सौ शैय्या अस्पताल में 24 घंटे में 168 से अधिक मरीज भर्ती हुए हैं। मरीजों को दिखाने के लिए कई घंटों का इंतजार करना पड़ रहा है वही खाली पलंग के लिए लोग दौड़ लगाते नजर आए। मेडिकल कॉलेज के आंकड़ों के अनुसार अभी तक 32 बच्चे ठीक हो कर घर चले गए हैं।

LIVE TV