लॉकडाउन की आशंका से प्रशासन अलर्ट, नगर निगम ने शुरु की यह तैयारियां

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कोरोना के लगातार बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए नगर निगम ने फिर से अपनी तैयारियां शुरु कर दी है। लॉकडाउन की आशंका के मद्देनजर हर जोन में कम्युनिटी किचेन के साथ ही जोनवार राशन वितरण को लेकर नगर आयुक्त अजय कुमार द्विवेदी ने शनिवार को जोनल अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान हलवाई से लेकर राशन तक की जिम्मेदारी तय हुई। हर जोन में कम्युनिटी किचेन के लिए एक प्रभारी नियुक्त होगा। नगर आयुक्त ने सब्जी के खरीदने से लेकर राशन खरीदने तक की जिम्मेदारी अधिकारियों को दे दी है। इसी के साथ इस पर तत्काल अमल करने के लिए भी कहा गया है।

वहीं नगर निगम की इस तरह बढ़ती सक्रियता को देखते हुए शहरी क्षेत्र में लॉकडाउन की आशंका बढ़ने लगी है। शहर में तमाम जगहों पर बैरिकेडिंग कर दी गयी है। इसी के साथ कोरोना से निपटने के लिए सख्ती और पाबंदियां बढ़ाई जा रही हैं। लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो इसके लिए प्रशासनिक मशीनरी योजना बना रही है। जरूरतमंदों के लिए कम्यूनिटी किचेन की योजना बन रही है तो वहीं टेस्टिंग औऱ चेकिंग की टीमों में भी इजाफा हो रहा है।

LIVE TV