लेखिका ने किया सवाल- वेतन पाने वाले सिपाही को शहीद का दर्जा क्यो? हुई गिरफ्तार

एक कथित फेसबुक पोस्ट के बाद असम की लेखिका को राजद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मामला मंगलवार का है जब गुवाहाटी की लेखिका को गिरफ्तार किया गया। लेखिका ने छत्तीसगढ़ के नक्सली हमले में शहीद हुए 22 जवानों को लेकर एक फेसबुक पोस्ट लिखी थी। इसी पोस्ट को आधार बनाते हुए लेखिका की गिरफ्तारी की गयी है।

आरोपी शिखा शर्मा पर कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। शिखा के खिलाफ आईपीसी की धारा 124ए(राजद्रोह) के खिलाफ शिकायत दर्ज की गयी है। गुवाहाटी पुलिस कमिश्नर मुन्ना प्रसाद का कहना है कि शिखा को अगले दिन कोर्ट में पेश किया जाएगा।
गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर शिखा शर्मा काफी सक्रिय हैं। सोमवार को उन्होंने 22 जवानों को लेकर एक फेसबुक पोस्ट लिखी थी।

उसमें लिखा गया था कि ड्यूटी के दौरान काम करते हुए मरने वाले वेतनभोगी पेशेवरों को शहीद का दर्जा नहीं दिया जा सकता। इसी के साथ उन्होंने तर्क दिया था कि बिजली विभाग में काम करने वाले कर्मचारी की अगर बिजली के झटके से मौत होती है तो उसे भी शहीद का दर्जा मिलना चाहिए। आगे लिखा गया था लोगों की भावनाओं से मत खेलो, मीडिया।

शिखा शर्मा की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया। जमकर सोशल मीडिया पर उन्हें गालियां दी गयी। गुवाहाटी हाईकोर्ट के 2 जज उमी देका बारुआ और कंकना गोस्वामी ने दिसपुर पुलिस में लेखिका के खिलाफ शिकायत की और उन पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

LIVE TV