लखनऊ महोत्सव पर दिखा नोटबंदी का असर, लगेंगे एटीएम, होगी शॉपिंग ऑनलाइन

लखनऊ महोत्सव लखनऊ। लखनऊ महोत्सव के उत्साह को नोट बंदी के असर से बचाने के लिए प्रशासन खास इंतजाम कर रहा है। महोत्सव देखने आने वालों को चिल्लर की परेशानी से निजात दिलाने के लिए महोत्सव स्थल पर इस बार बैंकों के एटीएम लगाए जाएंगे। साथ ही ऑनलाइन शॉ¨पग की व्यवस्था भी की जाएगी। लोग अपने क्रेडिट व डेबिड कार्ड स्वैप कर खरीदारी भी कर सकेंगे।

प्रशासन ने बैंकों से बातचीत कर इस सुविधा को मुहैया करने की जिम्मेदारी एडीएम (एफआर) को सौंपी है। लखनऊ महोत्सव की प्रेस कांफ्रेस के दौरान जिलाधिकारी सत्येन्द्र सिंह ने यह घोषणा की। महोत्सव का पोस्टर लांच करने के बाद उन्होंने बताया कि 25 नवम्बर शाम 6.30 बजे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव महोत्सव का उद्घाटन करेंगे।

इस बार महोत्सव का थीम विरासत एवं विकास, बदलता क्षितिज है। कथक से होगा महोत्सव का आगाज: लखनऊ की कला, संस्कृति, तहजीब को समेटे लखनऊ महोत्सव के ग्यारह दिवसीय आयोजन का आगाज कथक से होगा। मशहूर नृत्यांगना पद्मश्री शोभना नारायण कथक से महोत्सव का शुभारंभ करेंगी। महोत्सव के अंतिम दिन पंडित शिव कुमार शर्मा द्वारा संतूर पर मधुर स्वरलहरियां सुनने को मिलेंगी। साथ ही सूफियान नाइट में कैलाश खेर अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। वहीं रॉक नाइट में शंकर एहसान लॉय जलवा दिखाएंगे।

कव्वाली नाइट मशहूर निजामी बंधु के नाम रहेगी। गायक रूपकुमार राठौर व सुनाली राठौर की दिलकश आवाज में गजले भी सुनने को मिलेंगी। इसके साथ ही गायिका नीती मोहन व कनिका कपूर भी महोत्सव में अपने सुर बिखेरेंगी। वहीं लोगों को हंसाने के लिए राजू श्रीवास्तव भी आमंत्रित कलाकर हैं। पहले की तरह कवि सम्मेलन और मुशायरे का आयोजन भी होगा। पहली बार खादी फैशन शो व ऑटो जोन: महोत्सव में पहली बार खादी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खादी फैशन शो देखने को मिलेगा। साथ ही गाड़ियों के प्रेमियों के लिए महोत्सव परिसर में पहली बार ऑटो जोन भी बनेगा।

सरकार की योजनाओं की विशेष गैलरी: मेट्रो ट्रेन, 1090, डायल 100, एक्सप्रेस वे समेत प्रदेश सरकार ही कई अन्य सामाजिक विकास की योजनाओं से लोगों को परिचित कराने के लिए महोत्सव में विशेष गैलरी तैयार की जाएगी। यहां पर लोग राज्य सरकार द्वारा किए गए कार्यों को जान सकेंगे। चलेंगी महोत्सव स्पेशल बसें: महोत्सव स्थल तक सैलानियों को पहुंचाने के लिए इस बार बसों की संख्या में इजाफा किया गया है। डीएम ने बताया कि इस बार एक सौ से अधिक महोत्सव स्पेशल बसें चलाई जाएगी।

LIVE TV