रेडियो से सुहाना होगा रेलवे सफर, 1000 ट्रेनों में होगी शुरूआत

रेडियोदिल्ली। आनेवाले दिनों में ट्रेनों से आपका सफर और सुहाना हो सकता है। रेल विभाग यात्रियों के मनोरंजन के लिए रेल रेडियो सेवा शुरू करने पर विचार कर रहा है। रेल यात्रा के दौरान यात्री अपने पसंदीदा एफएम रेडियो कार्यक्रम सुन सकते हैं।

इससे यात्रियों को सफर की बोरियत से निजात मिलेगी। इसके अलावा यह सेवा आपदा की स्थिति में भी कारगर हो सकती है। फिलहाल 1,000 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में यह सुविधा शुरू करने की योजना बनाई गई है। इनमें राजधानी, शताब्दी और दूरंतो जैसी गाडि़यां शामिल हैं।

योजना के मुताबिक, कोचों में लगे सार्वजनिक उद्घोषणा (पीए) प्रणाली पर यात्री न केवल गीत-संगीत सुन सकेंगे, बल्कि हर घंटे ट्रेन संबंधी नवीनतम सूचना से भी अवगत होते रहेंगे। इस प्रणाली का इस्तेमाल आपात स्थिति में चेतावनी देने के लिए भी किया जाएगा। रेल रेडियो सेवा के तहत चुटकुलों, ज्योतिष एवं अन्य सामान्य ज्ञान के अलावा भारतीय रेल के इतिहास और इसकी मुख्य गतिविधियों से अवगत कराया जाएगा।

रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हम यात्रियों को मनोरंजन तथा सूचनाएं उपलब्ध कराने के इरादे से इस व्यवस्था को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में हैं।

प्रभु ने दिया था प्रस्ताव

रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने 2016-17 के बजट में एफएम रेडियो स्टेशनों को आमंत्रित करने की बात कही थी।

रेल बजट में प्रभु ने सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के जरिये मनोरंजन उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया था।

फिलहाल केवल राजधानी, दूरंतो और शताब्दी ट्रेनों में ही सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली की सुविधा है।

रेल रेडियो सेवा के शुरू होते ही इन सभी गाडि़यों को इस प्रणाली से जोड़ दिया जाएगा।

इसके लिए रेलवे बोर्ड में स्टूडियो बनाए जाएंगे। सभी क्षेत्रीय मुख्यालयों से रेल रेडियो सेवा का संचालन होगा।

LIVE TV