रामवृक्ष की हुकूमत संभालने आया बेटा, सोशल मीडिया पर चला रहा ‘सरकार’

मथुरा कांड का मुख्‍य आरोपी रामवृक्ष यादव भले मर गया हो, लेकिन उसकी आजाद हिन्द सरकार अब भी चल रही है। सोशल मीडिया पर आजाद हिन्द सरकार का फेसबुक पेज एक्टिव है और ताजा जानकारी के मुताबिक रामवृक्ष के बेटे विवेक को आजाद हिन्द सरकार का सरदार बना दिया गया है।

रामवृक्ष के बेटे की फोटो हुई वायरल

रामवृक्ष के बेटे

दो दिन पहले उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में रामवृक्ष का करीबी चंदन बोस पत्नी के साथ गिरफ्तार कर लिया गया था। उससे पूछताछ के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। चंदन से मिली जानकारी के आधार पर अब पुलिस रामवृक्ष के बेटा विवेक की तलाश में जुट गई है। उधर, आजाद हिन्द सरकार के फेसबुक पेेज पर अब तक एक्टिविटी जारी है। हालांकि पुलिस यह पता नहीं कर पाई है कि यह पेज असल में कौन चला रहा है।

आजाद हिन्द सरकार का फेसबुक पेज

मथुरा हिंसा के मास्‍टरमाइंड रामवृक्ष का करीबी चंदन बोस 15 जून को बस्‍ती में गिरफ्तार किया गया था। उसकी पत्‍नी नीलम को भी गिरफ्तार किया गया है। रामवृक्ष का दाहिना हाथ कहे जाने वाला चंदन बोस मूलत: पश्चिम बंगाल का रहने वाला नक्‍सली है। उसने ही एसओ संतोष यादव को गोली मारी थी। जवाहरबाग हिंसा के बाद लगातार फरार चल रहे चंदन बोस को बस्‍ती के परशुरामपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया था।

गुरुवार को चंदन को कोर्ट में पेश किया गया था। यहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। इससे पहले हुई पूछताछ में चंदन ने कई राज उगले थे। माना जा रहा है कि उसके बयानों के आधार पर ही अब पुलिस रामवृक्ष के बेटे को खोज रही है।

 

LIVE TV