राजधानी में मिले 13 नए कोरोना मरीज,पॉजिटिव मरीजों की संख्या हुई 935, बलरामपुर में पॉजिटिव आए BJP के पूर्व जिला मंत्री की मौत….

उत्तर प्रदेश में कोरोना का प्रकोप कायम है। शुक्रवार को राजधानी में 13 नए मरीजों में कोरोना मिला है। इसमें छह ठाकुरगंज में एक ही परिवार के, तीन आलमबाग के मरीज, तीन पीएसी जवान, एक मड़ियांव निवासी है। बता दें, बीते दिन राजधानी में 36 कोरोना के पॉजिटिव मरीज पाए आए। ऐसे में अब शहर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 935 हो गई है। वहीं, लखीमपुर में एसएसबी जवान सहित चार मिले कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। उधर, बलरामपुर में पॉजिटिव आए भाजपा के पूर्व जिला मंत्री की मौत के बाद सतर्कता बढ़ा दी गई है। इन्हें  राजधानी के केजीएमयू में भर्ती कराया गया था जहां रात में उनकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई। 

बलरामपुर : पॉजिटिव आए भाजपा के पूर्व जिला मंत्री की मौत, बढ़ी सतर्कता   

गुरुवार की देर रात पॉजिटिव आए भाजपा के पूर्व जिला मंत्री की शुक्रवार की सुबह लखनऊ में मौत हो गई। कोरोना से जिले में दूसरी मौत होने से प्रशासन सकते में है। गुरुवार रात पॉजिटिव मिलने के बाद भाजपा के पूर्व जिला मंत्री को लखनऊ केजीएमयू में भर्ती कराया गया था जहां रात में उनकी हालत बिगड़ गई। इसके अलावा कोइलरा व रेहरा बाजार में दो पॉजिटिव मिले हैं। तीनों क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। स्वास्थ्य टीमें पॉजिटिव मिले व्यक्ति के संपर्क में आए लोगों की तलाश में जुट गई है। कंटेनमेंट जोन में वाहनों का प्रवेश एवं निकास पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। सिर्फ चिकित्सीय, स्वच्छता कार्य व आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति की छूट रहेगी। अपर सीएमओ डॉ. वीपी सिंह ने मौत की पुष्टी की है।

लखीमपुर: एसएसबी जवान सहित चार मिले कोरोना पॉजिटिव

प्रशासन को 194 सैंपल की रिपोर्ट मिली है। जिसमें चार व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। बताया जाता है कि इनमें एक एसएसबी जवान भी शामिल है जो मजरा फार्म में क्वारंटाइन है। इसके अलावा शहर के मेला मैदान, महेवागंज और मोहम्मदी में भी कोरोना संक्रमित मिले हैं। पॉजिटिव पाए गए सभी व्यक्ति दिल्ली, मुंबई और हरियाणा से लौटे हैं। इससे पहले पुलिस लाइंस में पांच पुलिसकर्मी वह एक युवती संक्रमित पाए जा चुके हैं। सुरक्षाकर्मियों के बीच कोरोना के पांव पसारने से अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने चारों जगहों को कंटेनमेंट जोन एरिया घोषित किया है।

राजधानी में पत्रकारों व पुलिस तक भी पहुंच रहा संक्रमण 

गुरुवार को पुलिस, पत्रकार, डॉक्टर, नर्स समेत कई कर्मी संक्रमण की चपेट में आए। ऐसे में अस्पतालों से लेकर विभागों तक हड़कंप मचा रहा। वहीं, शहर में मरीजों की संख्या अब नौ सौ पार हो गई है। राजधानी में गुरुवार को 36 कोरोना के पॉजिटिव मरीज आए। इसमें आठ महिला व 28 पुरुष पाए गए हैं। संक्रमित मरीजों में रिजर्व पुलिस लाइन के आठ, न्यूज चैनल के छह पत्रकार, पारा में एक,लोकबंधु का एक कर्मचारी, आलमबाग में सात, तेलीबाग में एक,108 एंबुलेंस सेवा के चार, गौतमपल्ली के तीन , एलडीए में एक , विभूतिखंड में एक, हुसैनाबाद में एक, विवेकखंड में एक, विजयनगर में एक के रोगी पाया गया है।

12 हजार लोगों का जुटाया स्वास्थ्य ब्योरा

सीएमओ की टीम ने अमरूदही बाग, सुजानपुरा, एलडीए काॅलोनी, गीता पल्ली, नटखेडा, बिल्लावा क्षेत्रों में संक्रमण मुक्ति अभियान चलाया गया। इसमें 36 टीमें लगाई गई हैं। टीम ने 3281 घर का भ्रमण किया। साथ ही12974 लोगों का स्वास्थ्य ब्योरा जुटाया। कान्टेक्ट ट्रेसिंग के आधार पर 468 लोगों का सैंपल जुटाया गया। वहीं मरीजों की संख्या कुल 922 हो गई है।

डॉक्टर में कोरोना, मरीज शिफ्ट

लोहिया संस्थान में न्यूरो सर्जरी विभाग के रेजीडेंट डॉक्टर में कोरोना की पुष्टि हुई है। ऐसे में भर्ती मरीजों को दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया। साथ ही न्यूरो सर्जरी वार्ड को सैनिटाइज कर बंद कर दिया गया है। वहीं एक टेक्नीशियन समेत दो कर्मियों में भी संक्रमण की चर्चा है। हालांकि, सीएमओ की टीम ने कर्मियों में केस कंफर्म नहीं किया है।

एंबुलेंस कॉल सेंटर के कर्मी संक्रमित

कोरोना वायरस एंबुलेंस दफ्तर में भी फैल रहा है। यहां भी अब केस बढ़ रहे हैं। सीएमओ के मु ता िबक 108 एंबुलेंस कॉल सेंटर के चार कर्मचारी संक्रमित पाए गए हैं। ऐसे में अन्य कर्मियों में हड़कंप कायम है।

पीजीआइ की नर्स संक्रमित, वार्ड कर्मियों में अफरातफरी

पीजीआइ के गेस्ट्रो वार्ड की नर्स में संक्रमण मिला। इसके बाद वार्ड और संस्थान परिसर में अफरातफरी मच गई। पीजीआइ परिसर में रहनी वाली यह पहली कर्मचारी हैं, जो कोरोना संक्रमित हुई हैं। नर्स को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं संपर्क में आए वार्ड और आवासीय परिसर के लोगों के नमूने जांच को भेजा गया। यह नर्स परिसर स्थित केंद्रीय विद्यालय के निकट टाइप टू आवास में रहती हैं। गेस्ट्रो वार्ड में ड्यूटी कर रही थीं। तीन दिन पहले तबीयत बिगड़ने पर कोरोना जांच कराई थी।।

LIVE TV