यूपी फतह के लिए भाजपा की डिजिटल तैयारी

यूपी फतहलखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह अब कार्यकर्ताओं की कमर कसने की तैयारी में हैं। यूपी फतह के लिए जल्द ही भाजपा कार्यकर्ताओं को इलेक्ट्रानिक अटेंडेंस सिस्टम से जोड़ दिया जाएगा।

इसके जरिए शाह एण्‍ड टीम कार्यकर्ताओं की हर गतिविधि पर नजर रख सकेगी। यूपी की राजनीति में यह अपने तरह का पहला प्रयोग होगा। माना जा रहा है कि इसके जरिए पार्टी चुनाव पूरी ताकत झोंक सकेगी और उसे जीत भी मिलेगी।

यूपी फतह के लिए भाजपा होगी डिजिटल

यूपी भाजपा के एक नेता के मुताबिक नेताओं और कार्यकर्ताओं को एक कार्ड दिया जाएगा, जो ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम से जुड़ा होगा। इसके जरिए उनकी हर गतिविधि पर पार्टी नजर बनाए रखेगी।

यूपी के ज्यादातर संसदीय क्षेत्रों पर भाजपा का राज है। इसके बावजूद यहां समाजवादी पार्टी की सरकार है। अमित शाह भी जानते हैं कि अगर वो यूपी जीत गए तो दिल्ली पर राज बनाए रखना आसान होगा।

यूपी में पार्टी बीते 15 साल से सत्ता से बाहर है। लेकिन इस बार पार्टी पूरी तैयारी के साथ उतर रही है। हाल में असम चुनाव की जीत ने भी यूपी भाजपा में नई जान डाली है।

भाजपा नेता ने बताया कि ऑनलाइन अटेंडेंस सिस्टम जुलाई से काम करना शुरू कर देगा। पहले चरण में भाजपा के 1800 कार्यालयों पर इसकी शुरुआत की जाएगी।

अगले चरण में सवा लाख भाजपा कार्यकर्ताओं को अटेंडेंस सिस्टम से जोड़ा जाएगा। इसकी जिम्मेदारी राज्य की क्षेत्रीय इकाइयों पर होगी।

भाजपा नेता ने बताया कि शीर्ष नेतृत्व की इस कवायद के पीछे पारदर्शिता की सोच भी है। अगर यह सिस्टम सफल हुआ तो मेहनती कार्यकर्ताओं को तलाशना भी आसान हो जाएगा।

साथ ही इस तरह पार्टी कार्यकर्ताओं से कई अहम इनपुट भी जुटाए जा सकेंगे। इलेक्ट्रानिक अटेंडेंस सिस्टम से जड़े कार्ड में एक चिप लगी होगी, जो बताएगी कि भाजपा के कार्यकर्ता कहां हैं और क्या काम कर रहा है।

इस इलेक्ट्रानिक अटेंडेंस सिस्टम के जरिए यह भी पता चल जाएगा कि नेता और कार्यकर्ता पार्टी के लिए कितने घंटे काम कर रहे हैं।

अभी तक पार्टी में वरिष्‍ठ नेताओं कार्यकर्ताओं की रिपोर्ट पेश करते हैं। इसी आधार पर उनसे काम लिया जाता है। लेकिन इलेक्ट्रानिक अटेंडेंस सिस्टम शुरू होने के बाद यह काम नए तरीके से होगा।

LIVE TV