“पति, पत्नी और वो” मामले में यूपी पुलिस ने कराया हैरान करने वाला समझौता

यूपी पुलिसलखनऊ| आगरा में रहने वाले मनोज कुमार की ज़िन्दगी में आए भूचाल को यूपी पुलिस ने संभाल लिया है| मनोज कुमार की ज़िन्दगी में “पति, पत्नी और वो” के गंभीर मामले में पुलिस ने जो समझौता कराया है वो बेहद हैरान करने वाला है| पुलिस द्वारा कराए गए समझौते के अनुसार मनोज कुमार एक दिन अपनी पत्नी के साथ और एक दिन प्रेमिका के साथ रहेंगे। एहम बात ये है कि मनोज कुमार की पत्नी और प्रेमिका दोनों ने ही इस समझौते का स्वागत किया है।

दरअसल शास्त्रीपुरम का निवासी मनोज कुमार पेशे से ऑटो ड्राइवर है। शादीशुदा मनोज एक महिला को अक्सर उसके दफ्तर छोड़ता था। इसी बीच दोनों के पहले दोस्ती और फिर प्यार हो गया। वो महिला भी शादीशुदा थी लेकिन उसका अपने पति से विवाद चल रहा था। मनोज ने महिला से मंदिर में विवाह कर लिया। महिला को पहले पति से एक बच्ची है। वहीं मनोज के दो बच्चे हैं।

कहानी में मोड़ मंगलवार (11 अप्रैल) को तब आया जब मनोज की प्रेमिका से दूसरी बीवी बनी महिला उसके घर पहुंच गयी और उसे अपने साथ ले जाने की जिद करने लगी। मनोज ने जब इनकार किया तो महिला ने पुलिस बुला ली। पुलिस दोनों को थाने ले आयी। थोड़ी ही देर में मनोज की पहली पत्नी भी थाने पहुंच गयी। दोनों पक्षों के बीच जारी विवाद के बीच पुलिस ने समाधान के तौर पर एक-एक दिन वाला समाधान निकाला। दोनों महिलाएं इस पर सहमत हो गयीं। सिकंदरा थाने के प्रभारी बृजेश पाण्डेय ने बताया कि दोनों पक्षों ने इस समझौते का राजीनामा लिखकर दिया है।

हालांकि पत्नी और प्रेमिका में मनोज की कमायी को लेकर भी विवाद हुआ। लेकिन पुलिस ने इसका भी हल निकाल लिया और दोनों के बीच समझौता करा दिया| समझौते के हिसाब से जिस दिन मनोज अपनी पत्नी के साथ रहेगा उस दिन की कमायी वो लेगी और जिस दिन वो प्रेमिका के साथ रहेगा उस दिन की कमायी प्रेमिका की होगी।

इतना ही नहीं पुलिस द्वारा कराए गए समझौते के अनुसार जिस दिन मनोज के ऑटो का चालान कटेगा उस दिन वो किसी को भी अपनी कमायी नहीं देगा।

LIVE TV