सांसदों की पार्किंग में पेड़ से लटका मिला युवक का शव

युवक का शवनई दिल्ली। दिल्ली के हाई सिक्योरिटी इलाके विजय चौक के पास पेड़ से लटका युवक का शव मिला है। इस घटना से सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में है। शव सांसदों की पार्किंग की जगह एक पेड़ से लटका मिला।

युवक का शव सुसाइड नोट के साथ

डीसीपी जतिन नरवाल के मुताबिक मृतक मध्य प्रदेश का रहने वाला है। इसके पास से पुलिस ने 23 पन्नों का सुसाइड नोट बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार इस शख्स का काफी पैसा डूब गया था, जिससे वह काफी परेशान था। मृतक के परिजनों को संदेश भेज दिया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल में ले जाया गया है।

पुलिस के अनुसार मृतक का नाम राम दयाल वर्मा है और वह 39 वर्ष का है। बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश के श्योपुर का रहने वाला है। मृतक के शरीर पर नीले रंग की शर्ट और जींस थी। उसने काफी ऊंचाई पर चढ़कर फांसी लगाई।

क्रिकेट का सट्टा खेलने से नुकसान

पुलिस के मुताबिक जुआ और क्रिकेट में सट्टा लगाने से रामदयाल कर्ज में डूब गया था। बहुत से लोग उस पर कर्ज लौटाने का दबाव बना रहे थे। उसके पास पैसा नहीं था, जिस वजह से वह तनाव में आ गया था।

ऐसा माना जा रहा है कि सट्टेबाजी के चलते दिल्ली में इसका संपर्क रहा होगा। बताया जा रहा है कि सुसाइड नोट में सट्टेबाजी करवाने वाले कुछ लोगों के नाम भी हैं।

पुलिस इस दृष्टिकोण से भी जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि जिस युवक का शव मिला है उसने एक बार पहले भी दिल्ली आकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था।

कड़ी सुरक्षा वाला इलाका

जिस इलाके में रामदयाल ने आत्महत्या की, वहां हमेशा कई पीसीआर वैन रहती हैं। इसके अलावा पुलिस टुकडि़यां भी तैनात रहती हैं। इस इलाके के आसपास संसद, पीएमओ, राष्ट्रपति भवन भी स्थित है।

एक दिन पहले दिल्ली के मौरिस नगर में कार में महिला की लाश मिली थी। लगातार खुले में दो लोगों की मौत की घटना से पुलिस की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

LIVE TV