मोदी-भागवत भी कुम्भ लगाएंगे आम लोगों की तरह डुबकी

download (37)एजेंसी/उज्जैन। सिंहस्थ में बाबा महाकाल की नगरी में करोड़ों लोग भक्ति के सागर में डुबकी लगाएंगे, लेकिन इस भीड़ में वीवीआईपी चेहरे खास होकर भी आम की तरह नजर आएंगे। 

महाकुंभ में पहली बार ऐसा संयोग होगा, जिसमें देश के कई बड़े निजाम पहुचेंगे। वीवीआईपी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संघ प्रमुख मोहन भागवत का आना तय है।

इसके अलावा दो दर्जन केंद्रीय मंत्री, दस राज्यों के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, प्रमुख उद्योगपति, प्रदेश के सारे मंत्री और फिल्मी सितारे बाबा के दरबार में हाजिरी लगाएंगे। वीवीआईपी और वीआईपी के आगमन के चलते सरकार विशेष सुरक्षा इंतजाम में जुट गई है। इनसे शाही स्नान में नहीं आने का आग्रह किया गया है।

पहले शाही स्नान के साथ महाकुंभ की विधिवत शुरूआत हो जाएगी। इस सिंहस्थ में एक महीने में वीवीआईपी और वीआईपी के आने के सारे रिकार्ड टूट जाएंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देश के सारे मुख्यमंत्रियों, केंद्रीय मंत्रियों और उद्योगपतियों को व्यक्तिगत रूप से मिलकर सिंहस्थ आने का न्यौता दिया है।

अभी तक 40 से ज्यादा वीवीआईपी और वीआईपी ने आने की सहमति दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 मई को आएंगे। वे ग्राम निनौरा में वैचारिक महाकुंभ में शामिल होंगे। मोदी के कार्यक्रम में रामघाट पर स्नान का तय नहीं हो पाया है। 

वे पिछले सिंहस्थ में गुजरात के मुख्यमंत्री बतौर पहुंचे थे। उन्होंने महाकाल के दर्शन के साथ ही शिप्रा में स्नान भी किया था। संभवत: मोदी शिप्रा में स्नान करेंगे। इसके पहले 12 मई को संघ प्रमुख मोहन भागवत आएंगे।

संघ सरकार्यवाह भैय्याजी जोशी भी आएंगे। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन शिरकत करेंगी और आर्ट ऑफ लिविंग के प्रणेता श्री श्री रविशंकर भी वैचारिक महाकुंभ में शामिल होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरूण जैन, अनिल जैन, संगठन महामंत्री रामलाल भी पहुचेंगे। कुछ बड़े बाबाओं के कैंप में फिल्मी हस्तियां पहुंचने वाली है।

ये राज्यपाल आएंगे

कप्तान सिंह सौलंकी (हरियाणा), कल्याण सिंह (राजस्थान), शिवराज पाटिल (पंजाब), वजूभाई रूदाभाई वाला (कनार्टक), रामनाथ कोविंद (बिहार), मृदुला सिन्हा (गोवा), नरिंदर नाथ वोहरा (जम्मू-कश्मीर), बलराम दास टंडन (छत्तीसगढ़), रामनरेश यादव (मध्यप्रदेश), केशरी नाथ त्रिपाठी (पश्चिम बंगाल)।

ये मुख्यमंत्री पहुंचेंगे

अखिलेश यादव (उत्तर प्रदेश), नीतिश कुमार (बिहार), देवेंद्र फडऩवीस (महाराष्ट्र), वसुंधरा राजे (राजस्थान), रमन सिंह (छत्तीसगढ़), मोहन लाल (हरियाणा), रघुबर दास (झारखंड)।

फिल्मी-उद्योगपति हस्तियां

गोविंदा, राजपाल यादव, आशुतोष राणा, रवीना टंडन, अनिल और मुकेश अंबानी।

इनका कहना है

सिंहस्थ में देश की कई बड़ी हस्तियां पहुंचेगी। आमजन को परेशानी नहीं होने देने के लिए शाही स्नान पर वीवीआईपी से नहीं आने का आग्रह किया है। सरकार के सुरक्षा इंतजाम पूरे हैं। 

– भूपेंद्र सिंह, प्रभारी मंत्री

LIVE TV