मुरादाबाद में परिवर्तन रैली को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री मोदी

मुरादाबादलखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद में होने वाली परिवर्तन रैली में शामिल होंगे। इससे पहले मोदी ने 14 नवंबर को गाजीपुर में, 20 नवंबर को आगरा और 27 नवंबर को कुशीनगर में परिवर्तन रैली को संबोधित किया था।

रैली के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। एसपीजी ने तीन दिन पहले से ही यहां डेरा डाल रखा है। एसपीजी के अधिकारियों ने रैली स्थल और आस पास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। रैली में रामपुर, अमरोहा, संभल और बिजनौर समेत आस पास के क्षेत्रों के करीब दो लाख लोगों को आने की संभावना है।

रैली को मोदी के अलावा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य, पार्टी उपाध्यक्ष तथा प्रदेश प्रभारी ओम माथुर भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री रैली के जरिए नोटबंदी को लेकर उनके ऊपर किए जा रहे हमलो का जवाब देंगे। पार्टी की चल रही परिवर्तन यात्राओं में मोदी की छह सभाएं होनी हैं। तीन हो चुकी हैं जबकि तीन प्रस्तावित हैं।

मुरादाबाद के बाद 11 दिसंबर को बहराइच और 18 दिसंबर को कानपुर में रैली होगी। तीन जनवरी को लखनऊ में रैली प्रस्तावित है।

इससे पहले भाजपा की परिवर्तन यात्राएं पांच नवंबर से शुरू हुई थी। पहली यात्रा सहारनपुर जबकि दूसरी छह नवंबर को झांसी से शुरू हुई थी। तीसरी सोनभद्र से आठ नवंबर को और चौथी नौ नवंबर को बलिया से प्रारम्भ की गई थी।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता हरीश श्रीवास्तव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिसंबर को मुरादाबाद में होने वाली रैली को संबोधित करेंगे। इसमें दो लाख लोगों के जुटने की संभावना है।

LIVE TV