त्रिपुरा, छत्तीसगढ़, राजस्थान में नए मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति

मुख्य न्यायाधीशनई दिल्ली| गुवाहाटी उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति तिनलियानथांग वेफेई त्रिपुरा उच्च न्यायालय के नए मुख्य न्यायाधीश होंगे।

मुख्य न्यायाधीश का स्थानांतरण

यहां एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि वेफेई मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति दीपक कुमार गुप्ता की जगह लेंगे, जिन्हें छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायमूर्ति के रूप में स्थानांतरित कर दिया गया है।

केंद्रीय कानून मंत्रालय की ओर से जारी एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के  न्यायमूर्ति नवीन सिन्हा को राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया है।

त्रिपुरा के कानून विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि न्यायमूर्ति वेफेई (60) 16 मई को त्रिपुरा उच्च न्यायालय में अपना कार्यभार संभालेंगे।

त्रिपुरा, मणिपुर, और मेघालय में 2013 में अलग-अलग उच्च न्यायालयों की स्थापना की गई थी। इससे पहले यह सभी राज्य गुवाहाटी उच्च न्यायालय के अधिकार क्षेत्र में थे।

कानून मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “मिजोरम, नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश में भी आवश्यक बुनियादी ढांचे के निर्माण के बाद अलग-अलग उच्च न्यायालयों के गठन की संभावना है।”

राष्ट्रपति ने सभी मुख्य न्यायमूर्तियों और न्यायधीशों को 23 मई को या उससे पहले अपने पद्भार संभालने का आदेश दिया है।

LIVE TV