राष्ट्रपति चुनाव : प्रथम दलित उपप्रधानमंत्री की बेटी हैं मीरा, कोविंद को देंगी सीधी टक्कर

मीरा कुमारनई दिल्ली| राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद (दलित चेहरा) को टक्कर देने के लिए गुरुवार को विपक्षी दलों ने साझा उम्मीदवार के तौर पर ‘महिला दलित चेहरा’ पेश करते हुए पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार को राष्ट्रपति उम्मीदवार घोषित किया।

मीरा कुमार भारत के प्रथम दलित उपप्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की सुपुत्री हैं। दिल्ली में जगजीवन राम की समाधि ‘समता स्थल’ महात्मा गांधी की समाधि राजघाट के ठीक सामने है।

मीरा कुमार का जन्म बिहार के सासाराम में 31 मार्च, 1945 को दलित समुदाय में हुआ था। उनकी मां इंद्राणी देवी समाजसेवी थीं। मीरा की शिक्षा-दीक्षा दिल्ली विश्वविद्यालय में हुई है। उन्होंने 1968 में मंजुल कुमार से विवाह किया। उनकी दो पुत्री और एक पुत्र है।

वह 1970 में विदेश सेवा में शामिल हुईं और कई देशों में नियुक्त रहीं। वह पहली बार उत्तर प्रदेश के बिजनौर से 1985 में सांसद चुनी गईं। 1990 में वह कांग्रेस पार्टी की कार्यकारिणी समिति की सदस्य और अखिल भारतीय कांग्रेस समिति की महासचिव चुनी गईं।

मीरा 1996 में दूसरी बार और 1998 में तीसरी बार सांसद चुनी गईं। वह 2004 में बिहार के सासाराम से लोकसभा सांसद बनीं। युनाइटेड प्रोग्रेसिव अलायंस सरकार में 2004 में उन्हें सामाजिक न्याय मंत्री बनाया गया। वर्ष 2009 में वह पांचवीं बार लोकसभा के लिए चुनी गईं।

साल 2009 में मीरा कुमार को भारत की पहली महिला लोकसभा अध्यक्ष बनाया गया। मृदुभाषिणी मीरा 2014 तक लोकसभा अध्यक्ष रहीं। 15वीं लोकसभा चुनाव हालांकि वह भाजपा के छेदी पासवान से हार गईं। राष्ट्रपति चुनाव में उन्हें 17 धर्मनिरपेक्ष पार्टियों का समर्थन मिलने की उम्मीद है।

LIVE TV