महेश नवमी : व्‍यापार में लाभ के लिए इस मंत्र से करें शिव की पूजा

महेश नवमीमहेश नवमी  जेष्‍ठ माह में  शुक्‍ल पक्ष की  नवमी तिथि  को मनाई जाती है। यह नवमी माहेश्वरी समाज की उत्पत्ति का दिन है। माहेश्वरी समाज की उत्पत्ति  भगवान शिव के वरदान स्वरूप मानी गई है। महेश नवमी ‘माहेश्वरी धर्म’ में विश्वास करने वाले लोगों का प्रमुख त्योहार है। इस पावन पर्व को हर्षोल्‍लास व धूमधाम से मनाना प्रत्येक माहेश्वरी का कर्त्तव्य है और समाज उत्थान व एकता के लिए अत्यंत आवश्यक भी है। महेश  स्वरूप में आराध्य ‘शिव’ पृथ्‍वी से भी ऊपर कोमल कमल पुष्‍प पर बेलपत्‍ती, त्रिपुंड,त्रिशूल, डमरू के साथ लिंग रूप में शोभायमान होते हैं। भगवान शिव के इस बोध चिह्न के प्रत्येक प्रतीक का अपना महत्व होता है।

महेश नवमी आज

ज्येष्ठ शुक्ल नवमी को ‘महेश नवमी’ या ‘महेश जयंती’ का उत्सव माहेश्वरी समाज द्वारा मनाया जाता है। यह उत्सव ‘महेश’ यानि शिव और माता पार्वती की आराधना को समर्पित है। ‘महेश’ यानि शंकर, जो त्रिदेवों- ब्रम्‍हा, विष्‍णु  , महेश में से एक हैं। ऐसी मान्यता है कि ज्‍येष्‍ठ के शुक्‍ल पक्ष के नवें दिन भगवान शंकर की कृपा से माहेश्वरी समाज की उत्त्पत्ति हुई थी।

शिव की कृपा से उत्‍पन्‍न हुआ माहेश्‍वरी समाज

धर्मग्रंथों के अनुसार माहेश्वरी समाज के पूर्वज पूर्वकाल में क्षत्रिय वंश के थे। शिकार के दौरान वह ऋषियों के शाप से ग्रसित हुए। किंतु इस दिन भगवान शंकर ने अपनी कृपा से उन्हें शाप से मुक्त कर न केवल पूर्वजों की रक्षा की, बल्कि इस समाज को अपना नाम भी दिया। इसलिए यह समुदाय ‘माहेश्वरी’ नाम से प्रसिद्ध हुआ। जिसमें ‘महेश’ यानि शंकर और वारि यानि समुदाय या वंश। भगवान शंकर की आज्ञा से ही इस समाज के पूर्वजों ने क्षत्रिय कर्म छोड़कर वैश्‍य  या व्यापारिक कार्य को अपनाया। इसलिए आज भी माहेश्वरी समाज वैश्य या व्यापारिक समुदाय के रूप में पहचाना जाता है।

महेश नवमी का धार्मिक महत्व

माहेश्वरी समाज के लिए यह दिन बहुत धार्मिक महत्व का होता है। इस उत्सव की तैयारी क़रीब तीन दिन पूर्व ही शुरू हो जाती है, जिनमें धार्मिक, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन उमंग और उत्साह के साथ होता है। जय महेश के जयकारों की गूंज के साथ चल समारोह निकाले जाते हैं। महेश नवमी के दिन भगवान शंकर और पार्वती  की विशेष आराधना की जाती है। समस्त माहेश्वरी समाज इस दिन भगवान शंकर और पार्वती के प्रति पूर्ण  भक्ति  और आस्था प्रगट करता है। जगत कल्याण करने वाले भगवान शंकर ने जिस तरह  क्षत्रिय राजपूतों को शिकार छोड़कर व्यापार या वैश्य कर्म अपनाने की आज्ञा दी। यानि हिंसा को छोड़कर अहिंसा के साथ कर्म का मार्ग बताया। इससे महेश नवमी का यह उत्सव यही संदेश देता है कि मानव को यथासंभव हर प्रकार की हिंसा का त्याग कर जगत कल्याण, परोपकार और स्वार्थ से परे होकर कर्म करना चाहिए।

महेश नवमी पर शिव की पूजा से व्‍यापार में होती है उन्‍नति

इस दिन भगवान महेश का लिंग रूप में विशेष पूजन करने से व्यापार में उन्नति होती है। इस दिन विधान पूर्वक भगवान महेश पर पृथ्वी के रूप में रोट चढ़ाया जाता है। शिवलिंग पर भस्म से त्रिपुंड लगाया जाता है जो त्याग व वैराग्य का सूचक है। इस दिन विशेषकर भगवान महेश के विविध तापों को नष्ट करने वाले त्रिशूल का विशिष्ट पूजन किया जाता है। शिव पूजन में डमरू बजाए जाते हैं। शिव का डमरू जनमानस की जागृति का प्रतीक है। महेश नवमी पर भगवान महेश की विशेषकर कमल के पुष्पों से पूजा कि जाती है। कमल कीचड़ में खिलता है, जल में रहता है, परंतु किसी में भी लिप्त नहीं होता है।

महेश नवमी पर भगवान महेश के इस मंत्र से व्यापार में होगा मुनाफा अपार

“अर्थितव्यः सदाचारः सर्वशंभुमहेश्वरः। ईश्वरः स्थाणुरीशानः सहस्त्राक्ष सहस्त्रपात्॥”

LIVE TV