पुरी मंदिर के पुजारी ने ममता के पूजा करने पर जतायी आपत्ति, हिरासत में…

कोलकाता। रोजवैली कांड में गिरफ्तार तृणमूल कांग्रेस सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय को देखने ममता बनर्जी मंगलवार को ओड़िशा की राजधानी भुवनेश्वर पहुंचीं। वह बुधवार को जगन्नाथ मंदिर में पूजा करने के लिए जायेंगी। पर, उनकी पूजा को लेकर आपत्ति जताने का मामला सामने आया है।

मुख्यमंत्री ममता  बनर्जी के  पुरी के जगन्नाथ मंदिर में पूजा करने के कार्यक्रम पर भी राजनीति हो रही है। इस विश्व प्रसिद्ध मंदिर के एक सेवायत ने सुश्री बनर्जी के यहां पूजा करने पर आपत्ति जतायी है। सेवायत की इस आपत्ति से बवाल मच गया है। तृणमूल कांग्रेस सेवायत की इस हरकत के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहरा रही है। पुलिस ने सेवायत को हिरासत में ले लिया है।

जगन्नाथ मंदिर के एक सेवायत सोमनाथ कुंठिया ने ममता के वहां पूजा करने पर आपत्ति जतायी है। सेवायत ने सोमवार को मंदिर कमेटी के सामने जाकर ममता बनर्जी  के वहां आने और पूजा करने पर सख्त आपत्ति जतायी और विरोध प्रदर्शन किया। उत्तेजना तैयार करने की सेवायत की इस हरकत को ओड़िशा पुलिस  प्रशासन ने गंभीरता से लिया और पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। तृणमूल नेता सेवायत की इस हरकत के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, ममता बनर्जी के जगन्नाथ मंदिर में पूजा करने पर आपत्ति जतानेवाला सेवायत सोमनाथ कुंठिया एक समय भाजपा के साथ जुड़ा हुआ था। मुख्यमंत्री सचिवालय के अनुसार सुश्री बनर्जी  अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार शाम जगन्नाथ मंदिर में पूजा करेंगी।

उधर, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तीन दिनों के आेड़िशा दौरे पर मंगलवार को भुवनेश्वर पहुंच  गयीं। मुख्यमंत्री सचिवालय व तृणमूल कांग्रेस सूत्रों के अनुसार सुश्री बनर्जी का आेड़िशा दौरा पूरी तरह निजी है। इसका राजनीतिक कार्यक्रम से कोई लेना-देना नहीं है। सुश्री बनर्जी 20 अप्रैल को कोलकाता लौट आयेंगी।

सेवायत ने विरोध का कारण बताया

मंदिर के सेवायत सोमनाथ कुंठिया ने कथित तौर पर दावा किया था कि ममता ने गोमांस भक्षण का समर्थन किया था जिससे वह नाराज है। उसने कहा था, ‘हमें मीडिया से पता चला कि वह गोमांस खाने का समर्थन करती हैं। यह हमारी संस्कृति और परंपरा के खिलाफ है। उन्हें जगन्नाथ मंदिर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए। हम उनके मंदिर दौरे का विरोध करेंगे।’ बहरहाल अन्य सेवायतों ने कहा कि जगन्नाथ मंदिर सभी हिंदुओं के लिए खुला हुआ है और ममता का मंदिर में स्वागत है और वह भगवान का आशीर्वाद ले सकती हैं। पुरी के पुलिस अधीक्षक सार्थक सारंगी ने कहा कि कुंठिया को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

LIVE TV