मध्य प्रदेश के भिंड जेल में गिरी दीवार, 22 कैदी हुए घायल

मध्य प्रदेश के भिंड जिला जेल में शनिवार सुबह करीब 5 बजे एक बैरक की दीवार गिरने से 22 कैदी घायल हो गए, जिनमें से एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल कैदियों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं फिलहाल इस दुर्घटना में किसी की मौत की खबर नहीं है।

Image

भिंड के एसपी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सुबह करीब 5.10 बजे बैरक नंबर छह की दीवार ढह गई। उन्होंने कहा, ‘घटना में 22 कैदी घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल कैदियों में से एक को उन्नत चिकित्सा के लिए ग्वालियर ले जाया गया, जबकि अन्य घायल कैदियों को जिला अस्पताल ले जाया गया।’ उन्होंने कहा कि ‘घटना के समय जेल के अंदर 255 कैदी थे। जैसे ही हमें सूचना मिली, पुलिस कर्मियों को बचाव अभियान के लिए जेल भेजा गया।’

पुलिस अधिकारी ने कहा कि जेल की इमारत 150 साल पुरानी थी और हो सकता है कि पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश के कारण दीवार गिर गई हो।दीवार ढहने से बैरक 6 बुरी तरह से नष्ट हो गया है। शनिवार सुबह जेल प्रहरी काे सूचना दी गई कि बैरक का प्लास्टर गिर रहा है, बैरक की दीवार गिर सकती है। लेकिन इससे पहले कोई हरकत में आता बैरक की दीवार गिरना शुरू हाे गई।

प्रहरी एवं अन्य जवानाें ने बैरक में कैदियों काे निकालना शुरू किया, लेकिन दुर्भाग्यवश तब तक दीवार गिर गई। वहीं हादसे के बाद जेल में बंद अन्य कैदियों काे दूसरी बैरकाें में शिफ्ट कर दिया गया है। दुर्घटना के बाद एसपी एवं आरआइ तत्काल मौके पर पहुंच गए लेकिन जेल परिसर में रहते हुए भी जेलर साहब तब पहुंचे जब एसपी एवं आरआइ ने मिलकर दुर्घटना का पूरा मामला संभाल लिया था।

LIVE TV