मजबूत संकेतों के बीच शेयर बाजार रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुए, IT और ऑटो शेयरों में हुई जमकर खरीदारी

बुधवार को सेंसेक्स और निफ्टी ने कारोबार के दौरान बढ़त का नया रिकॉर्ड बनाया। अंत में सेंसेक्स 393.83 अंकों की बढ़त के साथ 49,792.12 पर बंद हुआ है। इसमें टेक महिंद्रा और मारुति के शेयर टॉप गेनर रहे। दोनों के शेयर 2-2% से ज्यादा की बढ़त के साथ बंद हुआ है। ओवरऑल तेजी में ऑटो और IT शेयर सबसे आगे रहे। उम्मीद है कि सेंसेक्स इसी हफ्ते 50 हजार के रिकॉर्ड स्तर को छू सकता है।

BSE पर 3,175 शेयरों में कारोबार हुआ, जिसमें 1,587 बढ़त और 1,426 गिरावट के साथ बंद हुए। यानी 50% शेयरों में तेजी रही। चौतरफा तेजी के चलते लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 197.57 लाख करोड़ रुपए हो गया है।

बाजार में तेजी की बड़ी वजह

  1. बाजार में विदेशी निवेश लगातार जारी है। NSDL के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 20,236 करोड़ रुपए का निवेश किया।
  2. अमेरिका में 20 जनवरी से जो बाइडेन बतौर राष्ट्रपति अपना कार्यकाल शुरु करेंगे। निवेशकों को उम्मीद है कि बाइडेन प्रशासन नए राहत को जल्द मंजूरी देंगे।
  3. बाजार के प्रमुख शेयरों में तेजी रही। इसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंफोसिस, TCS सहित HDFC के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई।

2021 का दूसरा IPO आज से खुला

देश की पांचवीं सबसे बड़ी पेंट्स कंपनी इंडिगो पेंट्स का IPO पहले दिन 1.88 गुना भरा। एक्सचेंज डेटा के मुताबिक 55.18 लाख शेयरों के मुकाबले 1.04 करोड़ शेयरों पर बोली मिली। इसमें एंकर बुक नहीं शामिल है। कंपनी IPO के जरिए 1,170 करोड़ रुपए जुटाना चाहती है। इसमें से 348 करोड़ रु. कंपनी ने एंकर निवेशकों से जुटा चुकी है।

रिटेल निवेशकों के लिए रिजर्व हिस्सा 3.3 गुना भरा है। नॉन- इस्टिच्युशन इन्वेस्टर (NII) 1.09 गुना और कर्मचारियों के लिए रिजर्व हिस्सा 72% भरा है। इसी तरह क्वालिफाइड इंस्टीच्युशनल बायर्स (QIB) का हिस्सा 10% भरा इंडिगो पेंट्स में सिकोइया कैपिटल की बड़ी हिस्सेदारी है। कंपनी 300 करोड़ रुपए के लिए शेयर जारी करेगी। ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए 58.40 लाख शेयर जारी किए जाएंगे। इसका प्राइस बैंड 1,488-1,490 रुपए तय किया गया है।

LIVE TV