भारी बारिश से देशभर में मचा हाहाकार, इन जगहों पर 24 घंटे बारिश का ऐलान

नई दिल्ली। पिछले कुछ दिनों से देश के कई हिस्सों लगातार हो रही भारी बारिश से बाढ़ सी आ गई है। जिससे कई जगहों में जन-जीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में हालात बिल्कुल खराब है जिससे आमजीवन बिल्कुल ठप हो गया है। मिजोरम में भी भारी बारिश की वजह से तलबुंग शहर में बाढ़ आने के बाद क्षेत्र में लगभग 300 घर खाली करवा दिए गए हैं।

असम में भी बारिश की वजह से सभी नौका सेवाएं बंद कर दी गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, सोलन, सिरमौर, मंडी और शिमला के जिलों में गरज के साथ अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी हो सकती है।

वहीं स्काईमेट के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, आंध्र प्रदेश, बिहार, उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश, कोंकण व गोवा, तटीय कर्नाटक, उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश में मॉनसून सक्रिय बना रहेगा।

असम और अरूणाचल प्रदेश के ऊपरी जिलों में हो रही मूसलाधार बारिश से ब्रह्मापुत्र समेत कई नदियां उफान पर हैं। इस वजह से प्रदेश के 17 जिलों में बाढ़ की वजह से लगभग 4.5 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। शुक्रवार से सेना और एनडीआरएफ की टीमें पानी में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटी हुई हैं। लगातार इनके प्रयासों से लोगों को बचाया जा रहा है।

खबरों के मुताबिक अभी तक बाढ़ की वजह से असम में 24 घंटों के अंदर 6 लोगों की मौत हो गई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, बाढ़ की वजह से 17 जिलों के 4,23,386 लोगों को अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा है। वहीं दूसरी ओर, बिहार में लगातार हुई भारी बारिश के बाद कई जगहों पर पानी भर गया है। वहीं पश्चिम चंपारण में भारी वर्षा के बाद गंडक बैराज में जल का स्तर भी काफी बढ़ गया है।

पश्चिम चंपारण में कई इलाकों में भारी बारिश के बाद जलभराव हो गया है। उत्तर बिहार में लगातार पांचवें दिन शुक्रवार को भी भारी बारिश हुई है। नदियों में उफान से निचले इलाके में बाढ़ का पानी घुस गया। इस दौरान घर गिरने और पानी भरे गड्ढे में डूबने से सात लोगों की मौत हो गई। पश्चिम चंपारण में गंडक का जलस्तर तेजी से बढऩे के कारण हाई अलर्ट पर रखा गया है। राजधानी पटना में गंगा नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी देखी जा रही है।

उत्तर प्रदेश के 14 जिलों में मूसलाधार बारिश की वजह से पिछले तीन दिनों के अंदर 15 लोगों की मौत हो गई है। आधिकारिक डाटा के अनुसार 9 जुलाई से 12 जुलाई तक राज्य में अबतक 15 लोगों और 23 जानवरों की मौत हो गई है। वहीं 133 बिल्डिंग ढह गई हैं। मूसलाधार बारिश से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में प्रयागराज, गौरखपुर, कानपुर नगर, पीलीभित सौनभद्रा, चंदौली, फिरोजाबाद, मऊ और सुल्तानपुर शामिल हैं।

पुडुचेरी में भी भारी बारिश हो रही है। वहां भी कई इलाकों में पानी भर गया है।

जानिए नाम के पहले अक्षर से अपने चाहने वालों का स्वभाव और भविष्य

पश्चिम बंगाल में भी लगातार बारिश के बाद कूच बिहार जिले में जलभराव हो गया है। सड़कों पर बुरी तरह से पानी भर गया है। पानी भरने की वजह से लोग अपने घरों से भी नहीं निकल पा रहे हैं। ऐसे में अभी और होने वाली बारिश से लोगों को और अधिक प्रभावित कर सकता है।

LIVE TV