देश का गलत नक्शा दिखाया तो होगी सात साल की जेल

नयी दिल्ली। भारतीय नक्शे का गलत चित्रण करना अब महंगा पड़ सकता है। हाल ही में आई जानकारी के अनुसार केन्द्र सरकार अब एक ऐसा बिल तैयार कर रही है जो यदि पास हो गया तो कोई भी कम्पनी और एजेंसी जिसे सरकार की ओर से लाइसेंस प्राप्त नहीं है किसी भी तरह का कोई मैप ऑनलाइन नहीं दिखा सकेगी।

भारतीय नक्शे का गलत चित्रण यूं पड़ सकता है महंगा

भारतीय नक्शे

जानकारी में यह भी बताया गया है कि बिल पास होने के बाद अगर कोई भारतीय नक्शे का गलत चित्रण करता है तो उसे भारत का गलत नक्शा दिखाने के आरोप में अधिकतम सात साल की जेल हो सकती है और साथ ही उस  पर 100 करोड़ का जुर्माना भी लगाया जा सकता है।

बताया जा रहा है कि कुछ सोशल नेटवर्किंग साइटों ने हाल ही में जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान और अरुणाचल प्रदेश को चीन का हिस्सा बताया था। इसी पृष्ठभूमि के सन्दर्भ में सरकार ने यह कदम उठाया है। कुछ समय पहले ट्विटर ने कश्मीर की भौगोलिक स्थिति को चीन में और जम्मू को पाकिस्तान में दिखाया था।  इसका भारत सरकार ने विरोध किया था, जिसके बाद इसमें सुधार किया गया था।

भू-स्थानिक सूचना नियमन विधेयक 2016  के मसौदे के हिसाब से भारत से जुडी किसी भू-स्थानिक सूचना को प्राप्त करने, उसका प्रचार-प्रसार करने, उसको प्रकाशित करने या उसमें संशोधन करने से पहले शासकीय प्राधिकार से अनुमति लेना आवश्यक होगा।

मसौदा विधेयक के अनुसार यदि कोई कानून का उल्लंघन करके भारत की भू-स्थानिक जानकारी को गलत तरीके से चित्रित या प्रदर्शित करता है तो, इस प्रकार का काम करने वाले पर एक करोड़ रुपये से 100  करोड़ रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके साथ ही कम से कम सात वर्ष तक की जेल हो सकती है।

तो अब भारत के नक्शे से छेड़-छाड़ करने वालों के लिए ये सरकार की ओर से चेतावनी ही मानी जाएगी कि अब वो भारतीय नक़्शे से किसी भी प्रकार की छेड़-छाड़ न करें वरना उन्हें इसका नतीजा भुगतना पड़ सकता है और साथ ही साथ भारी रकम का भुगतान भी करना पड़ सकता है।

 

LIVE TV